पौने दो घंटे में ही खुल गया नतीजों का पिटारा

पोकरण. नगरपालिका मंडल के एक वार्ड में पूर्व में निर्विरोध निर्वाचन के बाद 24 वार्डों के लिए पार्षद पद को लेकर रविवार को राजकीय महाविद्यालय में मतगणना चार राउण्ड में संपन्न हुई। मतगणना में किसी पार्टी को बहुमत नहीं मिल पाया है। ऐसे में निर्दलीयों के समर्थन से कांग्रेस अथवा भाजपा बहुमत प्राप्त कर बोर्ड बनाएगी। मतगणना में भाजपा के 10, कांग्रेस के नौ व निर्दलीय के 6 पार्षदों ने जीत हासिल की है। निर्वाचन अधिकारी व उपखंड अधिकारी राजेश विश्रोई, पर्यवेक्षक आईएएस कमर-उल-जमान चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विपिनकुमार शर्मा, पुलिस उपाधीक्षक मोटाराम गोदारा, तहसीलदार बंटी राजपूत की उपस्थिति में वार्ड पार्षदों के लिए शांतिपूर्ण मतगणना कार्य संपन्न हुआ। उन्होंने मतगणना के बाद सभी वार्ड पार्षदों के निर्वाचन की घोषणा की।
वार्ड संख्या आठ पूर्व में हो चुकी है निर्विरोध निर्वाचित
कस्बे के वार्ड संख्या आठ में पूर्व में ही निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। नामांकन की प्रक्रिया के दौरान वार्ड संख्या आठ में कांग्रेस से हेमलता व निर्दलीय के रूप में कानाराम ने अपने नामांकन जमा करवाए थे। नामांकन वापसी के दौरान कानाराम ने अपना नामांकन वापिस ले लिया था। जिस पर कांग्रेस की हेमलता को पूर्व में ही निर्विरोध निर्वाचित कर दिया गया था।
पुरोहित सबसे अधिक, तो गहलोत सबसे कम वोटों से हुए विजयी
नगरपालिका चुनाव के बाद रविवार को हुई मतगणना में आए परिणामों के अनुसार वार्ड संख्या 10 से भाजपा के मनीषकुमार पुरोहित सर्वाधिक 261 मतों तथा वार्ड संख्या तीन से कांग्रेस के मांगीलाल गहलोत सबसे कम मात्र चार मतों से विजयी रहे। भाजपा के पुरोहित ने तीन बार नगरपालिका अध्यक्ष रहे आनंदीलाल गुचिया को 261 मतों से हराया तथा कांग्रेस के गहलोत ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी से मात्र चार वोटों के अंतराल से जीत हासिल की।
नोटा को मिले 70 वोट
पोकरण नगरपालिका चुनाव के अंतर्गत 28 जनवरी को मतदान हुआ था। इस दौरान कस्बे के 24 वार्डों में मतदान हुआ। 24 वार्डों के 15 हजार 732 मतदाताओं में से 14 हजार 244 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया था। इनमें से सभी वार्डों में कुल 70 जनों ने नोटा का उपयोग कर प्रत्याशियों को नकार दिया।
इन पार्टी प्रत्याशियों को मिले सबसे कम वोट
पोकरण नगरपालिका के 24 वार्डों में कई ऐसे प्रत्याशी है, जो अपनी जमानत भी नहीं बचा सके। तीन ऐसे प्रत्याशी है, जो भाजपा व कांग्रेस के टिकट से प्रत्याशी होने के बावजूद दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। इनमें वार्ड संख्या चार से कांग्रेस प्रत्याशी भगवानाराम को मात्र दो वोट तथा वार्ड संख्या 25 से भाजपा प्रत्याशी शहनाजबानो को मात्र सात वोट प्राप्त हुए। वार्ड संख्या दो कांग्रेस प्रत्याशी दामोदर को मात्र 13 मत मिले। इसी प्रकार वार्ड संख्या 25 से निर्दलीय प्रत्याशी चंदू को एक भी मत नहीं मिला।
ये दिग्गज नहीं बचा सके अपनी साख
नगरपालिका चुनाव 2021 के अंतर्गत पोकरण में हुए मतदान इस बार काफी रोचक नजर आए। भाजपा व कांग्रेस के कई दिग्गजों को हार का मुंह देखना पड़ा। तीन बार नगरपालिका अध्यक्ष व पांच बार पार्षद रह चुके आनंदीलाल गुचिया वार्ड संख्या 10 से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे थे। जिन्हें 144 वोट मिले और उनके सामने पहली बार चुनाव लड़ रहे भाजपा प्रत्याशी व पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष उर्मिला पुरोहित के पुत्र मनीषकुमार पुरोहित ने गुचिया को 261 मतों से पराजित किया। इसी प्रकार चार बार पार्षद रह चुके वार्ड संख्या चार से भाजपा प्रत्याशी खेताराम को भी हार का सामना करना पड़ा। उनके सामने पहली बार चुनाव लड़ रहे सेवानिवृत तहसीलदार व पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष छोटेश्वरीदेवी माली के पति आईदान पंवार ने खेताराम माली को 88 मतों से हराकर जीत हासिल की।



source https://www.patrika.com/jaisalmer-news/results-box-opened-in-just-two-and-a-half-hours-6662010/

Comments

Popular posts from this blog

प्रत्याशी तय करने में छूटे पसीने : दोनों पार्टियों पर मंडरा रहा बगावत और भीतरघात का खतरा

युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज

औद्योगिक प्रोत्साहन शिविर में दी जानकारियां