इस साल का सबसे गरम दिन, पारा @ 45.9
जैसलमेर. थार मरुस्थल की गोद में बसे जैसलमेर जिले में शुक्रवार को वर्तमान गर्मी के सीजन का सबसे गरम दिन रहा। अधिकतम पारा पिछले दिन की अपेक्षा में चार डिग्री की उछाल लगाते हुए 45.9 डिग्री तक पहुंच गया। इससे पहले अप्रेल के माह में तेज गर्मी ने 45 डिग्री का मनोवैज्ञानिक आंकड़ा पार नहीं किया था। कुपित सूर्यदेव की किरणों ने जनसामान्य को झुलसा कर रख दिया। पंखों और कुलर की तो बिसात ही क्या, घरों व कार्यालयों-प्रतिष्ठानों में लगे एयरकंडीशनर भी हांफते प्रतीत हुए। दूसरी तरफ ग्रामीण क्षेत्रों विशेषकर अंतरराष्ट्रीय सीमावर्ती क्षेत्र में शुक्रवार को गर्मी परवान पर चढ़ी रही। इस मरुस्थलीय इलाके में पारा 48 डिग्री तक पहुंच गया। भीषण गर्मी से बचाव के लिए सीमा सुरक्षा बल के जवान जरूरी ऐहतियात बरत रहे हैं। वे पूरे शरीर को ढंक कर सरहद की निगरानी का काम कर रहे हैं। जिले में गर्मी के प्रचण्ड ताप के कारण तंदूर जैसी तपिश सडक़ों पर महसूस की जा रही है। शुक्रवार को आकाश से मानो आग बरसी।
ऐसे तो टूट जाएंगे पुराने रिकॉड्र्स
जिले में इस बार अप्रेल माह में इतनी तीव्र गर्मी पड़ी है कि आने वाले मई और जून में अगर अंधड़ का दौर नहीं चला तो चार दशक से भी पुराने रिकॉर्ड टूट सकते हैं। गौरतलब है कि जैसलमेर में आज तक का सर्वाधिक तापमान 3 जून, 1991 को 49.2 डिग्री दर्ज किया गया था। ऐसे ही 7 जून, 2011 को दूसरा सबसे ज्यादा तापमान 48.7 डिग्री रिकॉर्ड हुआ और 18-19 जून, 1992 में 48.1 डिग्री तापमान रहा। इस बार अप्रेल माह में ही जाते-जाते तापमान 46 डिग्री सै. के एकदम पास पहुंच गया है। यही हालत रही तो आगामी दो महीनों में भीषण गर्मी पिछले रिकॉर्ड तोड़ सकती है।
बढ़ गई परेशानियां
आसमान से बरस रहे अंगारों के कारण घरों में लगे पंखे व कुलर भी गरम हवा दे रहे हैं। देर रात तक तपिश से राहत नहीं मिल पा रही है। जिला मुख्यालय सहित पोकरण व ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की घोषित कटौती और अघोषित रूप से विद्युत आपूर्ति ठप होने से आमजन बेहाल हो रहा है। तन झुलसाने वाली सूरज की गर्मी और लू के थपेड़ों ने लोगों की परेशानियों में इजाफा कर दिया है। भीषण गर्मी के चलते दोपहर में अधिकतर लोग घरों में कूलर और एसी की शरण लेने पर विवश हो गए हैं। शुक्रवार को तो सुबह 10 बजे के बाद से ही सडक़ें मानो पिघलना शुरू हो गई। दोपहर के बाद तो हालात काबू से बाहर महसूस हुए। इस दौरान सडक़ों व बाजारों में लगभग सन्नाटा ही छाया रहा। लोग जरूरी कामकाज होने पर भी दोपहर में बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं।
पारे का असामान्य उछाल
दिनांक अधिकतम तापमान
23 अप्रेल 42.2 डिग्री
24 अप्रेल 43.0 डिग्री
25 अप्रेल 43.4 डिग्री
26 अप्रेल 44.4 डिग्री
27 अप्रेल 44.3 डिग्री
28 अप्रेल 43.5 डिग्री
29 अप्रेल 42.0 डिग्री
30 अप्रेल 45.9 डिग्री
source https://www.patrika.com/jaisalmer-news/warmest-day-of-the-year-mercury-45-9-7501654/
Comments
Post a Comment