शहीदों की चिताओं पर हर वर्ष लगेंगे मेले...

पोकरण. सीमा सुरक्षा बल 87वीं बटालियन में शुक्रवार को शहीद सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें शहीदों की वीरांगनाओं एवं आश्रितों को सम्मानित कर अभिनंदन किया गया। 87वीं बटालियन के समादेष्टा रणवीरसिंह, बावा अध्यक्षा कुसुमलता, 15वीं बटालियन के समादेष्टा अरुणकुमारसिंह के आतिथ्य में बटालियन सभागार में एक समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर संबोधित करते हुए समादेष्टा रणवीरसिंह ने कहा कि सीमा सुरक्षा बल हमेशा अग्रिम पंक्ति में रहकर देश की सीमाओं की रक्षा में तत्पर रही है। उन्होंने कहा कि बिना संकटों की परवाह किए बीएसएफ के जवानों एवं अधिकारियोंं ने दुश्मनों व आतंकवादियों से लोहा लेते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान देकर शहादत हासिल की है। जिस पर सीमा सुरक्षा बल एवं राष्ट्र को गर्व है। उन्होंने कहा कि शहीद भंवरसिंह 24वीं बटालियन में कार्यरत रहते हुए 1992 में वीरगति को प्राप्त हुए। उन्होंने कहा कि सीमा सुरक्षा बल अपने जवानों के जीवन के साथ भी व जीवन के बाद भी साथ रही है तथा उनके परिवारों की हरसंभव मदद के लिए हमेशा तैयार है। इसी प्रकार 15वीं बटालियन के समादेष्टा अरुणकुमारसिंह ने अपनी बटालियन के उपनिरीक्षक गंभीरसिंह का परिचय देते हुए कहा कि उन्होंने 1966 में सीमाओं की रक्षा, लोकतंत्र व राष्ट्र की मजबूती के लिए अपनी शहादत दी। उनके शौर्य, पराक्रम एवं बलिदान को कभी नहीं भुलाया जा सकता। उन्होंने कहा कि बटालियन की ओर से मुख्यालय राधाबाड़ी पश्चिमी बंगाल में शहीद गंभीरसिंह वाटिका को विकसित किया गया है, जो हमेशा शहीद के त्याग व बलिदान को याद दिलाती रहेगी। उन्होंने बल के जवानों एवं देशवासियों से शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र की मजबूती के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।
इनका किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान 24वीं बटालियन के शहीद उपनिरीक्षक गंभीरसिंह नाथड़ाऊ के पुत्र किशनसिंह को समादेष्टा रणवीरसिंह व अरुणकुमारसिंह ने ऑपरेशन केजुअल्टी प्रमाण पत्र देकर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसी प्रकार 15वीं बटालियन के शहीद भंवरसिंह सेतरावा की धर्मपत्नी धाफूकंवर का बावा अध्यक्षा कुसुमलता ने ऑपरेशन केजुअल्टी प्रमाण पत्र देकर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। इससे पूर्व दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही शहीदों को सशस्त्र सलामी देकर राष्ट्रगान किया गया। इस मौके पर बटालियन परिसर में शहीदों की स्मृति में उनके परिजनों की ओर से पौधरोपण किया गया। इस मौके पर बल के अधिकारी, जवान उपस्थित रहे।



source https://www.patrika.com/jaisalmer-news/fairs-will-be-held-every-year-on-the-pyres-of-martyrs-7484441/

Comments

Popular posts from this blog

प्रत्याशी तय करने में छूटे पसीने : दोनों पार्टियों पर मंडरा रहा बगावत और भीतरघात का खतरा

युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज

औद्योगिक प्रोत्साहन शिविर में दी जानकारियां