जैसाण में फिर छाया दहशत का साया: भय के माहौल में दिखने लगी जागरुकता
जैसलमेर. शहर में कोरोना पॉजिटिव केसेज के सामने आने के बाद स्थानीय बाशिंदों में इस विश्वव्यापी महामारी को लेकर अब जागरुकता नजर आने लगी। आमजन में भय और दहशत का वातावरण देखा जा रहा है। इसके चलते अस्पताल और चिकित्सा केन्द्रों पर कोविड.19 की जांच करवाने के लिए बड़ी संख्या में लोग स्वत:स्फूर्त ढंग से पहुंच रहे हैं। सोमवार को जवाहर चिकित्सालय के जांच केंद्र के भीतर व बाहर लम्बी.लम्बी कतारें देखी गई। वहीं शहर की सड़कों पर मास्क लगाकर वाहन चलाने तथा पैदल चलने वालों की संख्या में भी इजाफा देखा जा रहा है। हालांकि अब भी सोशल डिस्टेंसिंग का महत्व लोग पूरी तरह से नहीं समझ पा रहे हैं। सोमवार सुबह जब पत्रिका टीम जवाहर चिकित्सालय स्थित कोविड.19 जांच केंद्र पर पहुंची तो वहां दर्जनों की संख्या में लोग कतारों में नजर आए। केंद्र के बाहर हाथों में पर्ची थामे लोग पहले मोबाइल से रजिस्ट्रेशन करवा रहे हैंए उसके बाद भीतर चिकित्साकर्मी से इंद्राज करवाकर जांच के लिए जरूरी औपचारिकता पूरी करवाकर दूसरी कतार में खड़े थे। वहां कतार में स्थानीय बाशिंदों के अलावा बड़ी संख्या में प्रवासी और नौकरीपेशा बाहरी लोग अपने परिवार के सदस्यों के साथ खड़े दिखाई दिए। कई छोटे बच्चे भी अपने अभिभावकों के साथ थे। जैसलमेर निवासी पंकज कुमार (बदला हुआ नाम) ने बताया कि वह पिछले दिनों दिल्ली से आया है और जांच करवाकर तसल्ली करना चाहता है कि कहीं उसे कोरोना संक्रमण तो नहीं हुआ है। इसी तरह से ऐसे लोग भी स्वत: वहां पहुंचे मिले जिनके रिश्तेदार अथवा सम्पर्क वाले व्यक्ति पिछले दिनों कोरोना पॉजिटिव आए हैं।
मास्क व दूरी है जरूरी
शहर के भीड़भाड़ वाले हनुमान चैराहा से लेकर गोपा चैक और बाहरी मार्गों पर भीड़भाड़ तो अब भी नजर आ रही है लेकिन सड़कों पर वाहनों से अथवा पैदल चलने वाले चेहरे को मास्क अथवा कपड़े से ज्यादा संख्या में ढंके हुए दिखाई दिए। ऐसे ही शहर में एक बार फिर सेनेटाइजर्स का चलन भी बढ़ गया है। लोग जांच रिपोर्ट के नतीजे जानने की उत्सुकता में सोशल मीडिया पर भी लगातार बने हुए हैं। सोमवार सुबह की रिपोर्ट में एक भी नया पॉजिटिव नहीं आने से सभी ने राहत की सांस ली। बताया जाता है कि पूर्व में पॉजिटिव आए डिप्टी सीएमएचओ व मिठाई विक्रेता के परिवार तथा कई सम्पर्क वालों की रिपोर्ट नेगेटिव आ गई है।
source https://www.patrika.com/jaisalmer-news/the-shadow-of-shadow-panic-again-in-janaan-awareness-is-seen-in-the-a-6283694/
Comments
Post a Comment