पंचायत आम चुनाव-2020: मतदान दलों के लिए चुनाव सामग्री वितरण व संग्रहण के पुख्ता प्रबंध
जैसलमेर. पंचायती राज संस्था के आम चुनाव-2020 के तहत जिले में पंच व सरपंच के चुनाव सितम्बर व अक्टूबर माह में चार चरणों में होंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष मोदी ने एक आदेश जारी कर बताया कि प्रथम चरण में 28 सितम्बर को पंचायत समिति भणियाणा, द्वितीय चरण में फतेहगढ़ में 3 अक्टूबर, तृतीय चरण में 6 अक्टूबर को पंचायत समिति जैसलमेर, नांचना व सांकड़ा तथा चतुर्थ चरण में 10 अक्टूबर को पंचायत समिति सम व मोहनगढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में पंच व सरपंच के चुनाव होंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पंच व सरपंच के मतदान, मतगणना एवं निर्वाचन परिणाम की घोषणा की कार्यवाही के लिए रिटर्निंग अधिकारी एवं मतदान दल क्रमश: प्रथम चरण के लिए 27 सितम्बर, द्वितीय चरण के लिए 2 अक्टूबर, तृतीय चरण के लिए 5 अक्टूबर एवं चतुर्थ चरण के लिए 9 अक्टूबर को अन्तिम प्रशिक्षण प्राप्त कर जिला मुख्यालय से प्रस्थान कर अपने गन्तव्य ग्राम पंचायत मुख्यालय-मतदान केन्द्रों पर मतदान करवाने के लिए प्रस्थान करेंगे। इन मतदान दलों के रवानगी से पूर्व चुनाव सामग्री एसबीके राजकीय महाविद्यालय के न्यू केम्पस मेदान में वितरित की जाएगी। इसके लिए विभिन्न काउण्टरों की स्थापना की जाएगी। उन्होंने काउंटर प्रभारी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे चुनाव सामग्री को वितरण करने की कार्यवाही कराएं। आदेश के अनुसार सभी काउण्टर प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे पंचायत समितिवार काउण्टर स्थापित कर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करे एवं आवश्यक बेनर आदि लगाएं। इसी प्रकार एसबीके महाविद्यालय जैसलमेर मतदान सामग्री संग्रहण के लिए भी व्यापक व्यवस्थाएं रहेगी एवं इसके लिए भी काउण्टर स्थापित होंगे। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से कोविड-19 के सम्बन्ध में जारी गाइड लाइन की पालना इस दौरान की जाएगी।
source https://www.patrika.com/jaisalmer-news/adequate-arrangement-for-distribution-and-storage-of-election-material-6422854/
Comments
Post a Comment