हैल्लो, मैं जिला कलक्टर बोल रहा हूं, कोविड सैंटर में आपको क्या-क्या सुविधाएं मिल रही है...!
पोकरण. 'हैल्लो, मैं जिला कलक्टर आशीष मोदी बोल रहा हूं। आपको कोविड सैंटर में कैसी सुविधा मिल रही है, भोजन समय पर मिल रहा है या नहीं, सफाई कितनी बार होती है, डॉक्टर दिन में कितनी बार देखने के लिए आता है, कोविड सैंटर में सभी चिकित्सकीय उपकरण उपलब्ध है क्या?Ó कुछ इस तरह जिला कलक्टर आशीष मोदी ने शुक्रवार शाम पोकरण उपखंड अधिकारी कार्यालय में अधिकारियों की बैठक के दौरान कोविड कैयर सैंटर में भर्ती कोरोना के मरीजों से सवाल जवाब किए। इस दौरान मरीजों ने उन्हें कोविड सैंटर की हकीकत बताई, तो जिला कलक्टर मोदी ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए अगली विजिट से पूर्व सभी व्यवस्थाओं को चाक चौबंद करने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि जिला कलक्टर आशीष मोदी शुक्रवार शाम पोकरण पहुंचे। उन्होंने उपखंड अधिकारी कार्यालय में ब्लॉक स्तर के अधिकारियों के साथ बैठक ली तथा कई मुद्दों को लेकर चर्चा की। इस दौरान विशेष रूप से कोरोना का मुद्दा छाया रहा। उन्होंने ब्लॉक मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.लोंग मोहम्मद से कोविड सैंटर में भर्ती मरीजों की संख्या, उन्हें दी जा रही सुविधाओं, प्रतिदिन उनके स्वास्थ्य जांच की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी तौफिक अहमद को दिन में दो बार कोविड सैंटर में सफाई करवाने के निर्देश दिए।
कोविड-19 के मरीजों से की बातचीत
बैठक के दौरान जिला कलक्टर मोदी ने उपखंड अधिकारी राजेश विश्रोई व तहसीलदार बंटी राजपूत को दिन में दो बार कोविड सैंटर में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी लेने के निर्देश दिए। इस मौके पर उपखंड अधिकारी राजेश विश्रोई ने एक मरीज को फोन लगाया और सवाल जवाब किए। जिला कलक्टर ने बात को बीच में काटते हुए फोन स्वयं ले लिया और कोविड मरीज से बातचीत की। उन्होंने पॉजिटिव आने की दिनांक, कोविड सैंटर में भर्ती होने के बाद प्रतिदिन होने वाली चिकित्सकीय जांच, सफाई व्यवस्था, भोजन व्यवस्था, अन्य सुविधाओं को लेकर चर्चा की। मरीज ने बताया कि दिन में एक बार सफाई होती है, जांच के लिए चिकित्सक एक बार आता है और बातचीत कर चला जाता है, भोजन ठीक मिल रहा है, थर्मामीटर व पल्स मीटर नहीं है, बाकि सुविधाएं ठीक है। जिस पर जिला कलक्टर मोदी ने बीसीएमओ डॉ.मोहम्मद को चिकित्सक को पाबंद कर दिन में दो बार जांच करने, थर्मामीटर, पल्समीटर व ऑक्सीजन आदि सभी उपकरण 24 घंटे कोविड सैंटर में उपलब्ध रखने, सैंटर में आपातकाल नंबर लिखवाने के निर्देश दिए। अधिशासी अधिकारी को दिन में दो बार सफाई करने, समय पर गुणवत्तापूर्ण भोजन देने के निर्देश दिए।
दिन में दो बार करेंगे बात, नियंत्रण कक्ष करेंगे स्थापित
जिला कलक्टर मोदी ने उपखंड अधिकारी विश्रोई व तहसीलदार राजपूत को दिन में दो बार कोविड मरीजों से फोन पर बात करने, उनसे कोविड सैंटर में भर्ती मरीजों की कुशलक्षेम पूछकर मिल रही सुविधाओं की जानकारी लेने के निर्देश दिए। इसी प्रकार अधिशासी अधिकारी तौफिक अहमद को नगरपालिका में एक नियंत्रण कक्ष स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियंत्रण कक्ष 24 घंटे संचालित होगा तथा एक कर्मचारी हर समय उपलब्ध रहेगा। उन्होंने नियंत्रण कक्ष में सीसीटीवी कैमरे लगाने के भी निर्देश दिए, ताकि कर्मचारी पर नजर रख सके।
source https://www.patrika.com/jaisalmer-news/hello-i-am-talking-district-collector-what-facilities-are-you-gettin-6422827/
Comments
Post a Comment