Video:कोरोना के भय पर भारी हौसला, 89.29 प्रतिशत हुआ मतदान, 30 ग्राम पंचायतों के चुनाव
पोकरण. पूरे विश्व में कोरोना संक्रमण की महामारी चल रही है। भारत-पाक सीमा पर स्थित सरहदी जिले जैसलमेर में भी कोरोना अपना कहर बरपा रहा है। इस बीच पंचायत चुनाव का उत्साह व लोगों का हौसला इस महामारी पर भारी पड़ता नजर आया। पंचायत चुनाव के पहले चरण में पंचायत समिति भणियाणा क्षेत्र की 30 ग्राम पंचायतों में सोमवार को मतदान हुआ। इस दौरान लोगों ने उत्साह के साथ मतदान किया तथा मतदान का प्रतिशत भी रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया। लोगों ने कोरोना की परवाह किए बगैर गांव की सरकार बनाने में अपना योगदान दिया तथा लोकतंत्र को मजबूत करने में अपनी प्रतिबद्धता जताई। छुटपुट घटनाओं को छोड़कर सभी 30 ग्राम पंचायतों में चुनाव शांतिपूर्ण रहा। प्रशासन व पुलिस की ओर से किए गए पुख्ता प्रबंधों के चलते कहीं कोई वारदात नहीं हुई। जिस पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली। हालांकि कई मतदान केन्द्रों पर कोविड-19 केे नियमों व सरकार की गाइडलाइन की धज्जियां उड़ती नजर आई, लेकिन मतदान केन्द्रों पर तैनात कर्मचारियों ने व्यवस्थाओं को बनाए रखने में दिनभर अपना पसीना बहाया। विशेष रूप से पुलिसकर्मियों ने दिनभर मतदान केन्द्रों पर खड़े रहकर तथा पुलिस के आला अधिकारियों ने मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर कानून एवं शांति व्यवस्था को बनाए रखा। जिससे पहला चरण शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।
इन 30 ग्राम पंचायतों में हुआ मतदान
पंचायत समिति भणियाणा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कजोई व खुमाणसर में सरपंच व वार्डपंचों का निर्विरोध निर्वाचन पूर्व में ही हो गया था। सोमवार को ग्राम पंचायत बागथल, बलाड़, बांधेवा, बेतीना, भैंसड़ा, भणियाणा, भीखोड़ाई जूनी, भीखोड़ाई नई, भुर्जगढ़, चांदनी मेघासर, दांतल, फलसूण्ड, गुंदाला, जालोड़ा पोकरणा, झाबरा, खेलाणा, खींवसर द्वितीय, लूणाकल्लां, मेकूबा, मानासर, नेतासर, ओला, पदमपुरा, प्रभुपुरा, राजगढ़, रातडिय़ा, सरदारसिंह की ढाणी, सोहनपुरा, स्वामीजी की ढाणी व तेलीवाड़ा में सरपंच व वार्डपंचों के लिए मतदान हुआ।
नजर आया कड़ा पहरा
प्रथम चरण में मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो, इसके लिए पुलिस की ओर से पर्याप्त जाब्ता तैनात किया गया था। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ.अजयसिंह ने भी सांकड़ा, लूणाखुर्द, बेतीना, बागथल, खींवसर व फलसूण्ड का दौरा कर कई मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया तथा कानून एवं शांति व्यवस्था का जायजा लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। पोकरण के पुलिस उपाधीक्षक मोटाराम गोदारा भी सोमवार को दिनभर मतदान केन्द्रों पर गश्त करते नजर आए। इसकेे अलावा तीन पुलिस वृताधिकारियों के नेतृत्व में भारी पुलिस जाब्ता मतदान केन्द्रों पर तैनात किया गया था। वहीं, मोबाइल पार्टियां भी क्षेत्र में हालातों पर नजर बनाए हुए थी।
4 कोरोना संक्रमितों ने किया मतदान
इन दिनों चल रही कोरोना संक्रमण की महामारी चल रही है। ऐसे में क्षेत्र के कई मतदाता भी कोरोना पॉजिटिव थे। निर्वाचन आयोग की छूट पर उनकी ओर से मतदान किया गया। आयोग के निर्देश व गाइडलाइन के अनुसार शाम पांच बजे बाद कोरोना संक्रमितों को मतदान करवाया गया। ग्राम पंचायत फलसूण्ड में तीन कोरोना संक्रमितों ने निजी वाहनों तथा ग्राम पंचायत भणियाणा क्षेत्र मेंं एक कोरोना पॉजिटिव ने 108 एम्बुलेंस के माध्यम से मतदान केन्द्र पहुंचकर पीपीई किट पहनकर मतदान किया।
जिला कलक्टर ने भी किया निरीक्षण
जैसलमेर के जिला कलक्टर आशीष मोदी ने भी पंचायत समिति भणियाणा क्षेत्र में कई मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला कलक्टर मोदी ने जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओमप्रकाश व भणियाणा उपखंड अधिकारी राजेश विश्रोई के साथ भणियाणा, बागथल, रातडिय़ा, फलसूण्ड, भीखोड़ाई आदि मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेकर अधिकारियों को कोविड-19 की गाइडलाइन की पालना करवाने, शांतिपूर्ण मतदान संपन्न करवाने, मतदाता को किसी भी तरह की परेशानी नहीं हो इसका विशेष ख्याल रखने तथा मतगणना के दौरान व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए।
चलती रही छुटपुट घटनाएं
मतदान के दौरान क्षेत्र के कई मतदान केन्द्रों पर छुटपुट घटनाएं होती रही। इन घटनाओं ने पुलिस को खासी मशक्कत करवाई। ग्राम पंचायत गुंदाला में दोपहर बाद दोनों पक्ष कई बार आमने-सामने हुए और मतदान को लेकर विवाद की स्थिति हुई, लेकिन पुलिस का पर्याप्त जाब्ता तैनात होने के कारण बड़ा विवाद नहीं हुआ। इसी प्रकार फूसासर गांव में मतदान के दौरान दोपहर दो बजे बाद कुछ लोगों के बीच धक्का मुक्की व आपसी कहासुनी हो गई। यहां उपस्थित लोग हो-हल्ला व नारेबाजी करने लगे। जिससे एकबारगी माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही तत्काल मोबाइल पार्टी के साथ भारी पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंच गया। जिससे कोई बड़ा विवाद नहीं हुआ।
अव्यवस्थाओं से परेशान हुए मतदाता
क्षेत्र में इन दिनों भीषण गर्मी का दौर चल रहा है। सोमवार को मतदान के दौरान केन्द्रों पर शामियाने लगाए गए, लेकिन मात्र 15 फीट के शामियाने लगाकर इतिश्री कर ली गई। उत्साह के चलते मतदाताओं की भीड़ उमड़ी तथा लम्बी कतारें लगी। ऐसे में ये शामियाने छोटे पड़ते नजर आए। मतदाता कड़ी धूूप में खड़े रहे। जिससे उन्हें भीषण गर्मी में परेशानी हुई। विशेष रूप से बच्चों के साथ पहुंची महिला मतदाताओं को खासी परेशानी हुई। इसी प्रकार कई मतदान केन्द्रों पर कतार में खड़े मतदाताओं के लिए ठण्डे पानी की भी कोई व्यवस्था नहीं थी। जिससे मतदाता कंठ सूखे ही खड़े रहे और उन्हें परेशानी हुई।
उड़ती रही नियमों की धज्जियां
निर्वाचन आयोग की ओर से कोविड-19 की महामारी को देखते हुए गाइडलाइन व नियम जारी किए गए थे तथा अधिकारियों व कर्मचारियों को उनकी पालना करवाने के लिए निर्देशित किया गया था, लेकिन अधिकांश मतदान केन्द्रों पर इन नियमों की धज्जियां उड़ती नजर आई। कई मतदाताओं ने मास्क नहीं लगा रखे थे। विशेष रूप से महिलाओं ने अपनी साड़ी केे पल्लू को ही मास्क बनाकर मुंह ढक लिया। इसी प्रकार किसी भी मतदान केन्द्र पर सोशल डिस्टेंसिंग की पालना नजर नहीं आई। लोगों ने एक दूसरे से सटकर ही खड़े रहे।
यूं बढ़ा मतदान का आंकड़ा
पंचायत समिति भणियाणा क्षेत्र में कुल 64079 मतदाता है। सोमवार शाम तक कुल 57213 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। भणियाणा क्षेत्र की 30 ग्राम पंचायतों में 89.29 प्रतिशत मतदान हुआ।
समय मतदाता प्रतिशत
10 बजे 13770 21.49
12 बजे 28663 44.73
3 बजे 47720 74.47
5.30 बजे 56922 88.83
6 बजे 57213 89.29
source https://www.patrika.com/jaisalmer-news/fears-of-corona-got-a-boost-89-29-percent-voting-30-gram-panchayat-e-6428473/
Comments
Post a Comment