ट्रांसफार्मर से ऑयल चोरी के तीन आरोपी गिरफ्तार
पोकरण. सांकड़ा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गत दिनों ट्रांसफार्मर से ऑयल चोरी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सांकड़ा पुलिस के अनुसार गत 19 नवम्बर को बडोड़ा गांव निवासी दलवीरसिंह पुत्र नखतसिंह ने रिपोर्ट पेश कर बताया था कि वह आईनाथ सिक्युरिटी जैसलमेर सुजलॉन कंपनी की विण्ड मशीन लूणाकल्लां गांव में सिक्युरिटी मैनेजर है। 17 नवम्बर की रात मशीन नंबर आरएएस 280 के पास पहुंचे, तो मशीन बंद थी तथा एचटी यार्ड का गेट खुला पड़ा था। यहां ट्रांसफार्मर से ऑयल गिर रहा था। टीम ने तकनीकी शाखा को सूचना दी और निरीक्षण किया, तो 950 लीटर ऑयल चोरी पाया गया। मौके पर मोटरसाइकिल के निशान भी थे और जरीकन का ढक्कन भी मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ.अजयसिंह के निर्देशानुसार सांकड़ा थानाधिकारी कांतासिंह ढिल्लो के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए चोरी के आरोप में भैंसड़ा निवासी कमल रामावत पुत्र गोरधनदास, संग्रामसिंह की ढाणी निवासी देरावरसिंह पुत्र विजयसिंह व अमरसर निवासी उगमसिंह पुत्र प्रयागसिंह को गिरफ्तार कर चोरी किया गया ऑयल बरामद किया। आरोपियों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
source https://www.patrika.com/jaisalmer-news/three-accused-of-oil-theft-from-transformer-arrested-6541270/
Comments
Post a Comment