Video: पद के लिए, झूठ को बेनकाब करने आया हूं : पटेल
पोकरण. पाटीदार आरक्षण आंदोलन के बाद सुर्खियों में आए गुजरात कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष हार्दिक पटेल ने कहा कि उनकी उम्र अभी तक 27 वर्ष ही है तथा गत पांच वर्षों से राजनीति कर रहे है और गत डेढ़ वर्ष से कांग्रेस की मजबूती के लिए कार्य कर रहे है। गुजरात में वर्ष 2022 में कांग्रेस की सरकार बनाएंगे। उन्होंने रविवार को पोकरण प्रवास के दौरान पत्रिका से बातचीत करते हुए कहा कि गुजरात की जनता 2022 में कांग्रेस को मौका देगी। उन्होंने कहा कि गुजरात की जनता याद करेगी कि कांग्रेस की सरकार बनी है और उनके हितों के लिए कार्य हुए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश में सत्ता के दौरान आम गरीब, मजदूर, किसान, महिला, छात्र प्रत्येक वर्ग के हित के लिए कार्य किया। जबकि दूसरी तरफ भाजपा ने किसी का हित नहीं किया है। केन्द्र में नीत भाजपा की सरकार की ओर से किसानों व गरीबों के हितों पर कुठाराघात किया जा रहा है।
पद का नहीं है लालच
उन्होंने कांग्रेस में आने के बाद निराशा है या नहीं के सवाल पर कहा कि निराशा उन्हें होती है, जिन्हें पद चाहिए। वे सरदार पटेल के वंशज है और उस पार्टी के सदस्य बने है, जिस पार्टी का नेतृत्व महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल व जवाहरलाल नेहरु ने किया है। वे भी उन्हीं के बताए मार्गों व आदर्शों पर चलकर कांग्रेस की मजबूती के लिए कार्य कर रहे है। उन्होंने जैसलमेर भ्रमण पर आने के सवाल पर कहा कि वे परिवार के साथ यहां आए है। लोकदेवता बाबा रामदेव में उनकी गहरी आस्था है। उन्होंने बाबा रामदेव की समाधि के दर्शन कर देश को कोरोना महामारी से मुक्त करने की प्रार्थना की है।
मोदी करते है झूठ की राजनीति
उन्होंने नरेन्द्र मोदी के केन्द्र में जाने के बाद भी गुजरात में कांग्रेस की सरकार नहीं बना पाने के सवाल पर कहा कि गुजरात में गुंडागर्दी की राजनीति चल रही है तथा पैसों के दबाव पर भाजपा राज कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मजबूती के लिए साथ भाजपा की नीतियों के विरुद्ध लड़ रही है। वर्ष 2017 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान मजबूत विपक्ष खड़ा किया है। मात्र 10-12 सीटें नहीं मिलने से वे सरकार नहीं बना पाए थे। अगले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार भी बनेगी और पूरे देश में संदेश जाएगा कि नरेन्द्र मोदी झूठ व धर्म की राजनीति कर रहे है। सही मायने में स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार की राजनीति होनी चाहिए, जिस पर कांग्रेस कार्य कर रही है।
बाबा की समाधि के किए दर्शन, कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
गुजरात कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल का रविवार को पोकरण व रामदेवरा में कार्यकर्ताओं की ओर से स्वागत किया गया। अध्यक्ष पटेल रविवार को दोपहर 12 बजे पोकरण पहुंचे। यहां शाबिर मोहम्मद लोहारकी, सुरेन्द्रसिंह नरावत, नीतेश छंगाणी, छोटू मेहर सहित कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। रामदेवरा पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने 21 किलो की माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया। अध्यक्ष पटेल ने बाबा रामदेव की समाधि के भी दर्शन किए तथा पूजा-अर्चना कर देश में अमन, चैन व खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
source https://www.patrika.com/jaisalmer-news/for-the-post-i-have-come-to-expose-lies-patel-6546470/
Comments
Post a Comment