चांधन में -2.5 सैल्सियस लुढ़का पारा
पोकरण. क्षेत्र में चल रहा शीतलहर का दौर मंगलवार को भी जारी रहा। सुबह से ही तेज सर्द हवाएं चल रही थी। जिससे लोगों की दिनचर्या देरी से शुरू हुई। दिन चढऩे के साथ ही सूर्य की तेज किरणें निकली। तेज शीतलहर के कारण आमजन का बेहाल हुआ। शीतलहर का प्रकोप इस कदर है कि धूप में बैठने से भी राहत नहीं मिल रही है, न ही गर्म व ऊनी वस्त्रों से धूंजणी कम हो रही है। हाड़ कंपकंपा देने वाली सर्दी के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो रहा है। दिनभर सर्द हवाओं व तेज शीतलहर का दौर चलता रहा। शाम के समय तापमान में गिरावट होने तथा सर्दी का असर बढ़ जाने पर लोगों ने घरों की तरफ जल्दी प्रस्थान किया। जिससे बाजार सूने हो गए।
चांधन. तेज शीतलहर का प्रकोप क्षेत्र में लगातार जारी है। सोमवार की शाम शुरू हुआ तेज सर्द हवाओं का दौर मंगलवार को भी दिनभर जारी रहा। मंगलवार को चांधन काजरी के अनुसार पारा शून्य से नीचे माइनस 2.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, सोमवार की रात तापमान में 1.5 डिग्री था। कड़ाके की ठंड का असर इस कदर था कि खेतों में पानी देने के बाद पाइप में भरा पानी जम गया। किसानों ने मंगलवार को सुबह धुंए के सहारे पाइपों को साफ किया। सुबह 10 बजे बाद तेज धूप खिलने पर लोगों को राहत मिली। कड़ी धूप में लोगों ने अलाव तापकर सर्दी से बचने का जतन किया।
भीखोड़ाई. गत दो दिनों से क्षेत्र में चल रहा कड़ाके की ठंड का दौर लगातार जारी है। तापमान के गिरने से भीखोड़ाई, फलसूण्ड, राजमथाई क्षेत्र में घरों पर पक्षियों के लिए लगाए परिण्डों में जमा पानी बर्फ में तब्दील हो गया। इसी प्रकार खेतों में फसलों पर ओस की बूंदे भी बर्फ बन गई। हाड़ कंपकंपा देने वाली सर्दी से आमजन का बेहाल हुआ।
लाठी. क्षेत्र में गत तीन दिनों से चल रहा शीतलहर का प्रकोप लगातार जारी है। लोग दिनभर शीतलहर के कारण कांपते नजर आए। लोगों ने अलाव तापकर सर्दी से बचने का जतन किया। साथ ही गर्म व ऊनी वस्त्र पहनकर सर्दी से बचने का जतन किया। मंगलवार को दिन चढऩे के साथ तेज शीतलहर का दौर शुरू हो गया। कड़ाके की ठंड के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। 10 बजे बाद बाजारों में चहल पहल नजर आई। दोपहर के समय निकली धूप भी शीतलहर के कारण बेअसर साबित हुई। शाम के समय सर्दी का असर बढ़ जाने पर लोगों ने घरों की तरफ जल्दी प्रस्थान किया।
source https://www.patrika.com/jaisalmer-news/2-5-celsius-mercury-rolled-in-chandan-6602572/
Comments
Post a Comment