धनसंग्रहण को लेकर हुई बैठक, छह बस्तियों में ४७ टीमों का किया गठन
पोकरण. स्थानीय संघ कार्यालय में बुधवार रात स्वयंसेवकों की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर धनसंग्रहण के लिए चर्चा की गई। धनसंग्रहण को लेकर कस्बे की छह बस्तियों में ४७ टीमों का गठन किया गया है तथा ३०० से अधिक स्वयंसेवक धनसंग्रहण का कार्य करेंगे। अभियान के पोकरण इकाई संयोजक जुगलकिशोर व सहसंयोजक हनुमानसिंह ने बताया कि उत्तरप्रदेश के अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण करवाया जा रहा है। लम्बे संघर्ष के बाद मंदिर का निर्माण कार्य शुरू हुआ है। जिसे जनसहयोग से पूर्ण किया जाएगा। नगर संयोजक भरतसिंह रावलोत ने बताया कि जिस प्रकार से विवेकानंद शिला मंदिर, कन्याकुमारी के लिए प्रत्येक घर से सवा रुपए का सहयोग लेकर धरोहर निर्माण का कार्य किया था। उसी प्रकार राम मंदिर निर्माण कार्य को भी पूरी लगन, मेहनत के साथ पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पोकरण कस्बे में मात्र एक दिन में धनसंग्रहण का कार्य किया जाएगा। बैठक में खंड संयोजक अशोककुमार, नगर कोष प्रमुख वासूदेव दवे, प्रवीण राठी, गौरव शर्मा, नगर विस्तारक मोहित सैनी सहित स्वयंसेवक उपस्थित रहे। स्वयंसेवकों की आगामी बैठक पांच जनवरी को रात आठ बजे संघ कार्यालय में आयोजित की जाएगी।
इन छह बस्तियों में कमेटियों का किया गठन
कस्बे को छह कमेटियों का गठन किया गया है, जो धनसंग्रहण का कार्य करेगी। इन कमेटियों में सूरजप्रोल में देवीसिंह को पालक, जितेन्द्रकुमार को संयोजक, राहुल जोशी को सहसंयोजक, रामप्रोल में अमृतलाल बंधु को पालक, तनेराव को संयोजक, दिलीप राठी को सहसंयोजक, भवानीपुरा में भरतसिंह को पालक, जेठूसिंह को संयोजक, तोलाराम व भैरुदान को सहसंयोजक, कोरियाबास में पुखराज को पालक, दिनेश सैन को संयोजक, आशाराम को सहसंयोजक, भवानीप्रोल में घनश्याम माली को पालक, आईलाल माली को संयोजक, देवीसिंह को सहसंयोजक तथा मंगलपुरा कमेटी में जुगलकिशोर को पालक, सुरेश रंगा को संयोजक तथा अरुण छंगाणी को सहसंयोजक मनोनीत किया गया है।
source https://www.patrika.com/jaisalmer-news/meeting-on-fundraising-4-teams-formed-in-six-settlements-6593503/
Comments
Post a Comment