गांधी मेले का हुआ आगाज, प्रतियोगिताएं शुरू
पोकरण . पूर्व मुख्यमंत्री, शेरे राजस्थान लोक नायक जयनारायण व्यास की कर्मस्थली ऐतिहासिक गांव सांकड़ा में तीन दिवसीय गांधी मेला गुरुवार को शुरू हुआ। जिसकेे अंतर्गत खेलकूद प्रतियोगिताओं का आगाज किया गया। गौरतलब है कि जयनारायण व्यास की ओर से अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान सांकड़ा क्षेत्र में दस्यु उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत कई लोगों को आत्मसमर्पण करवाकर उन्हें राष्ट्र की मुख्यधारा में जोडऩे का कार्य किया गया था तथा उनकी ओर से यहां 30 जनवरी शहीद दिवस के मौके पर गांधी मेला शुरू किया गया था। इस वर्ष पोकरण विधायक व केबिनेट मंत्री शाले मोहम्मद के प्रयासों से एक बार फिर गांधी मेला आयोजित किया जाएगा। गांधी मेला 2021 के संयोजक तनेरावसिंह सांकड़ा ने बताया कि 28 से 30 जनवरी तक आयोजित होने वाले गांधी मेले में विभिन्न खेलकूूद प्रतियोगिताओं व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिसके अंतर्गत गुरुवार को खेलकूूद प्रतियोगिताएं शुरू की गई। समाजसेवी आरबखां मेहर के मुख्य आतिथ्य, सहसंयोजक भोमसिंह सांकड़ा, अतिरिक्त विकास अधिकारी मोहम्मदखां, ग्राम विकास अधिकारी किशनाराम माधोपुरा के आतिथ्य में गुरुवार को मेले में वॉलीबॉल प्रतियोगिता शुरू हुई। जिसमें वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक मूलसिंह राठौड़ की देखरेख में सनावड़ा व राजगढ़ की टीम के बीच पहला मैच खेला गया। सनावड़ा की टीम ने टॉस जीतकर मैदान का चयन किया। मैच में सनावड़ा ने राजगढ़ की टीम को 15-10 व 15-09 से हराकर मैच जीता। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को वॉलीबॉल, कबड्डी के मैच खेले जाएंगे। 30 जनवरी को कबड्डी का फाइनल मुकाबला सुबह 10 बजे होगा।
कल मुख्य समारोह का होगा आयोजन, लगाई जाएगी प्रदर्शनियां
सांकड़ा गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मैदान में सुबह 10 बजे शहीद दिवस के अवसर पर आयोजित मुख्य समारोह में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा व शहीदों की तस्वीरों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी जाएगी। उच्च शिक्षा राज्यमंत्री भंवरसिंह भाटी के मुख्य आतिथ्य, अल्पसंख्यक मामलात, वक्फ एवं जन अभियोग निराकरण विभाग मंत्री शाले मोहम्मद की अध्यक्षता, जिला प्रमुख प्रतापसिंह सोलंकी, जिला कलक्टर आशीष मोदी, जिला पुलिस अधीक्षक डॉ.अजयसिंह, नगर परिषद जैसलमेर के सभापति हरिवल्लभ कल्ला, राजस्थान समग्र सेवा संघ के प्रदेशाध्यक्ष सवाईसिंह, पूर्व जिला प्रमुख अब्दुला फकीर, प्रधान भगवतसिंह तंवर सांकड़ा, दौलीदेवी भणियाणा, अर्जुनराम नाचना, समाजसेवी किशोरसिंह कानोड़ के विशिष्ट आतिथ्य में आयोजित समारोह में शहीदों की वीरांगनाओं, स्वतंत्रता सैनानियों के परिवारजनों, शेरे राजस्थान व्यास के निकट सहयोगियों के परिवारजनों का शॉल ओढ़ाकर व स्मृति चिन्ह देकर तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजयी रहे खिलाडिय़ों का सम्मान किया जाएगा। इस मौके पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग जैसलमेर, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग, कृषि विभाग, जिला खादी परिषद जैसलमेर, उद्योग विभाग, परिवहन विभाग सहित विभिन्न विभागों की ओर से प्रदर्शनियां लगाई जाएगी, जिसमें यहां आने वाले लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारियां दी जाएगी।
source https://www.patrika.com/jaisalmer-news/gandhi-fair-begins-competitions-begin-6657746/
Comments
Post a Comment