अस्पताल में अव्यवस्थाओं का लगाया आरोप, क्रमिक अनशन किया शुरू


नाचना. क्षेत्र के भारेवाला गांव के ग्रामीणों ने पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप पीपीपी मोड पर संचालित राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में अव्यवस्थाओं का आरोप लगाते हुए शनिवार को आंदोलन, धरना व क्रमिक अनशन शुरू किया। ग्रामीणों ने इस संबंध में जिला कलक्टर व मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को एक ज्ञापन प्रेषित कर अव्यवस्थाओं में सुधार करवाने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि अस्पताल में 11 पद स्वीकृत है, जिनमें एक चिकित्सक, दो जीएनएम, दो एएनएम, एक प्रयोगशाला तकनीकी, एक फार्मासिस्ट, एक सफाईकर्मी, एक वार्डबॉय, एक कंपाउडर व एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का पद है। उन्होंने आरोप लगाते हुए बताया कि गत कई महिनों से यह अस्पताल बिना चिकित्सक मात्र तीन कर्मचारियों के भरोसे ही संचालित हो रहा है। यहां पीने के पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। अस्पताल में दो टांके निर्मित है, उनमें से एक टांका क्षतिग्रस्त पड़ा है। भवन के ऊपर रखी टंकियां क्षतिग्रस्त हालत में होने के कारण उनमें पानी का ठहराव नहीं हो पाता है। अस्पताल में राजस्थान मेडिकल रिलीफ सोसायटी का गठन भी कागजों में ही कर रखा है। अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों से पर्ची शुल्क 10 रुपए लिया जाता है, लेकिन पर्ची देने की बजाय एक रजिस्टर में उनका नामांकन कर दिया जाता है। बगैर पर्ची ही मरीजों को दवाइयां दी जा रही है। उन्होंने बताया कि यहां कार्यरत कर्मचारी मरीजों को संतोषजनक जवाब भी नहीं देते है और मरीजों के साथ व्यवहार भी सही नहीं है। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुधारने व कार्मिकों के विरुद्ध कार्रवाई कर मरीजों को राहत दिलाने की मांग की है।
क्रमिक अनशन किया शुरू
अस्पताल में अव्यवस्थाओं को को लेकर शनिवार को ग्रामीणों की ओर से क्रमिक अनशन व धरना शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि जब तक अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं होता है, तब तक उनका धरना व अनशन जारी रहेगा। शनिवार को अतरुदीन, मीरणखां ने क्रमिक अनशन किया। धरनास्थल पर जालेखां, अमीरखां, अब्दुल रहमान, मोहम्मद सलाम, कुतुबदीन, जुसुबखां सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
एक चिकित्सक पहुंचा अस्पताल
ग्रामीणों की ओर से धरना व अनशन शुरू करने की सूचना पर नाचना पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही ठेकेदार की ओर से आनन फानन में एक चिकित्सक के साथ अन्य कर्मचारियों को भारेवाला अस्पताल भिजवाया गया। फार्मासिस्ट का पद शनिवार को भी खाली रहा।
आज ही किया है नियुक्त
उन्हें आज ही मदासर अस्पताल में सेवाएं देने के लिए नियुक्त किया गया है। अस्पताल में आने वाले मरीज पर्ची नहीं लेते है, रजिस्टर में उनका नाम दर्ज कर दवाइयां उपलब्ध करवाई जा रही है। अस्पताल में पानी की समस्या है।
डॉ.गिरधरसिंह, चिकित्साधिकारी राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, भारेवाला।



source https://www.patrika.com/jaisalmer-news/allegations-of-disorder-in-the-hospital-started-a-gradual-fast-6718318/

Comments

Popular posts from this blog

प्रत्याशी तय करने में छूटे पसीने : दोनों पार्टियों पर मंडरा रहा बगावत और भीतरघात का खतरा

युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज

औद्योगिक प्रोत्साहन शिविर में दी जानकारियां