बेटियों की शादी के लिए बनवाए जेवर चोरों ने उड़ाए
जैसलमेर। जैसलमेर में चोरों के हौसले दिन ब दिन बढ़ते जा रहे हैं। शहर के गफूर भ_ा क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने बेखौफ होकर रहवासी मकान के मुख्य द्वार पर लटका बड़ा सा ताला तोड़कर भीतर तीन तालों को तोड़कर कमरे की अलमारी में रखे लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और ढाई लाख रुपए की नकदी पार कर दी। यहां दो भाइयों ने अपनी बेटियों की शादी के लिए जेवर बनवाकर रखे थे। जो चोरों की नजर हो गए। अकेले गफूर भ_ा क्षेत्र में ही चोरी की पिछले 10 दिनों में यह तीसरी वारदात है। सूचना दिए जाने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की है।
बीस तोला सोना चोरी
वार्ड नं. 10 में आए इस रहवासी मकान में हुई चोरी की रिपोर्ट ओमप्रकाश भार्गव ने पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि यह उनके केंद्रीय खुफिया एजेंसी में कार्यरत पुत्र कैलाशचंद भार्गव का मकान है। कैलाशचंद अहमदाबाद में नियुक्त है। घर में उनकी पत्नी व तीन बेटियां व एक पुत्र रहते हैं। कैलाशचंद की पत्नी अपनी सास को एक दिन पहले इलाज के लिए जोधपुर लेकर गई है। माता के घर में नहीं होने की वजह से घर पर ताला लगाकर बेटा-बेटियां सोने के लिए दादा के घर चले गए। इसका फायदा उठाकर चोरों ने घर में रखा 20 तोले सोने और डेढ़ किलो चांदी के जेवर तथा ढाई लाख रुपए लेकर फरार हो गए। सुबह कैलाशचंद की बेटियां स्कूल जाने के लिए तैयार होने घर पहुंची तो उन्हें वारदात का पता चला। सामान बिखरा देखकर और माल गायब देख बच्चियों की चीख निकल गई।
हर चेहरा दर्दमंद
मौकास्थल का जायजा लेने जब पत्रिका टीम घर में पहुंची तो बाहर ओमप्रकाश भार्गव व उनके दूसरे पुत्र विजय सहित अनेक लोग जमा थे। भीतर महिला रिश्तेदारों की रुलाई फूट रही थी और अन्य महिलाएं उन्हें चुप करवाने का प्रयास कर रही थी। चोरों ने पहले मुख्य द्वार का ताला तोड़ा और भीतर कमरे का ताला तोड़कर अंदर प्रविष्ट हुए। कमरे में बनी लकड़ी का ताला तोड़ा और चिटकनी को किसी औजार से उखाड़ दिया। एक पेटी के भी ताले तोड़े गए। चोरों ने सोने-चांदी के जेवरों व ढाई लाख की राशि के साथ बच्चों के तीन गुल्लकों में जमा पैसों पर भी हाथ साफ कर दिया। केवल एक रात के लिए घर बंद करने पर चोरों द्वारा धावा बोले जाने से आशंका जताई जा रही है कि चोरी की वारदात में किसी जानकार का हाथ है या चोरों ने पूरी रेकी कर रखी थी। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि इस इलाके में ही पिछले दस दिनों में चोरी की यह तीसरी घटना है। आसपास किसी तरह का सीसी टीवी कैमरा नहीं होने से फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
तत्परता से कर रहे कार्रवाई
चोरी की वारदात का पता लगाने के लिए पुलिस की तरफ से जोर-शोर से कार्रवाई की जा रही है। मैंने मौकास्थल का जायजा लिया है और कुछ जनों से संदेह के आधार पर पूछताछ की जा रही है।
- बलवंतराम, थानाधिकारी, शहर कोतवाली
source https://www.patrika.com/jaisalmer-news/jewel-thieves-built-for-daughters-wedding-6767062/
Comments
Post a Comment