Video: टोल की जगह को लेकर जताया विरोध
नोख. नोख से होकर गुजर रहे नेशनल हाईवे नंबर 911 पर बन रहे टोल की जगह को लेकर नोख क्षेत्र के ग्रामीणों ने शुक्रवार को विरोध जताया है । इस दौरान नोख में दर्जनों गांवों के बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों ने विरोध जताया । उन्होंने नोख से तीन किमी आगे जोधपुर जिले के सांवरागांव में टोल बनाए जाने पर नाराजगी जाहिर की । उनका विरोध इस बात को लेकर है कि सांवरागांव के पास नेशनल हाईवे की ओर से सड़क किनारे बनाई गई बिल्डिंग को पहले डिस्पेंसरी बताया जा रहा था और अब इस जगह टोल लगाया जा रहा है । उल्लेखनीय है कि गत वर्ष जोधपुर जिले के बाप गांव से नोख होकर बीकानेर जिले के बीकमपुर की ओर नेशनल हाईवे सड़क का निर्माण शुरू किया गया था और इस दौरान नोख से बाप की ओर सांवरागांव से आगे बीकानेर जिले के सेवड़ा फांटे के पास टोल लगाये जाने की चर्चा पर क्षेत्र के लोगों ने विरोध जताया था और उसके बाद बताया गया कि यह सड़क मार्ग टोल मुक्त रहेगा । जिसके बाद सांवरागांव के पास गत कुछ समय पहले बिल्डिंग निर्माण शुरू किया गया था तब ग्रामीणों ने जब इसको लेकर यहां मौजूद लोगों से जानकारी ली गई तो उनकी ओर से डिस्पेंसरी बनाए जाने की बात बताई गई । लेकिन गुरुवार से यहां टोल का कार्य शुरू होने की बात सामने आने पर इसी के पास मौजूद सांवरागांव के भाटों की बास के लोगों ने विरोध जताया था तो शुक्रवार को इसी मामले में नोख गांव में नोख, तालरिया, बौड़ाना, चिन्नू, सांवरागांव सहित क्षेत्र के ग्रामीणों ने विरोध जताया । इस दौरान उन्होंने कहा कि अगर टोल लगाया भी जाता है तो इसे नोख से बीकमपुर की ओर रामदेव मंदिर बस स्टैंड से पीछे बीकमपुर की ओर लगाने की मांग की है । मांग नहीं माने जाने पर ग्रामीणों ने आंदोलन व भूख हड़ताल की चेतावनी दी है । इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य उतमसिंह बौड़ाना, सरपंच संघ नाचना अध्यक्ष व बौड़ाना सरपंच नरेंद्र सिंह तंवर, अजय छंगाणी, गुलाम खां, पूर्व सरपंच फूसाराम मेघवाल, देवाराम भाट, जेठाराम राईका, भूराराम माली, पठानखां चिन्नु, भंवरप्रजापत, नारायण राम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे ।
source https://www.patrika.com/jaisalmer-news/protest-expressed-against-the-place-of-toll-6767057/
Comments
Post a Comment