Video: ओरण में लगी आग पर छह घंटे बाद किया गया काबू

पोकरण . क्षेत्र के भणियाणा गांव में भीम तालाब के पूर्व दिशा में स्थित ओरण में सोमवार को दोपहर अचानक लगी आग से अफरा तफरी मच गई। पोकरण व जैसलमेर से आई दमकलों तथा क्षेत्र के पानी के टैंकरों की मदद से करीब छह घंटे की मशक्कत कर आग पर काबू किया गया। गौरतलब है कि भणियाणा गांव के भीम तालाब के पूर्व दिशा में ओरण भूमि स्थित है। यहां घनी झाडिय़ां, पेड़ पौधे लगे हुए है। सोमवार को दोपहर करीब एक बजे अचानक झाडिय़ोंं में आग लग गई। भीषण गर्मी के मौसम में तेज हवा व आंधी के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया। सूखी झाडिय़ों के कारण आग आगे बढऩे लगी। देखते ही देखते आग ने कई बीघा क्षेत्र में लगी झाडिय़ों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें व धुंआ ऊपर उठने लगा। आग की लपटें व धुंआ देखकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा आग पर काबू करने का प्रयास करने लगे, लेकिन भीषण आग पर काबू करना मुश्किल हो रहा था। सूचना पर भणियाणा थानाधिकारी खेताराम चौधरी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों व प्रशासन को दी। इस दौरान भणियाणा सरपंच राजेन्द्र जाखड़ व कांग्रेस नेता रणवीरसिंह गोदारा भी मौके पर पहुंचे तथा आग पर काबू करने में पुलिस, दमकलकर्मियों व ग्रामीणों की मदद की।
आबादी की तरफ बढ़ती आग ने छुड़ाए पसीने
भीम तालाब के पूर्व दिशा में ओरण में लगी आग दक्षिणी हवाओं के कारण आबादी की तरफ बढऩे लगी। ओरण के पास ही घनी आबादी निवास करती है। आग बढ़ती देख ग्रामीणों के पसीने छूट गए और उनमें भय व दहशत का माहौल हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी ट्रैक्टर टंकियों को लेकर मौके पर पहुंचे तथा आग पर पानी डालकर उसे बुझाने का प्रयास करने लगे, लेकिन कई बीघा क्षेत्र में सूखी झाडिय़ों में लगी आग पर काबू करना मुश्किल हो रहा था।
तीन दमकल की मदद से छह घंटे में किया गया काबू
थानाधिकारी चौधरी ने बताया कि आग लगने पर इसकी सूचना तत्काल पोकरण नगरपालिका को दी गई। जिस पर पायलट सुरेशकुमार फायरमैन के साथ दमकल वाहन लेकर मौके पर पहुंचे। भीषण आग पर एक दमकल से काबू करना मुश्किल हो रहा था। जिस पर उन्होंने इसकी सूचना जिला मुख्यालय पर दी। जैसलमेर नागरिक सुरक्षा विभाग व नगर परिषद से दो दमकल शाम पांच बजे भणियाणा पहुंची। तीन दमकल तथा क्षेत्र के टैंकरों की मदद से आग पर छह घंटे बाद काबू किया गया। शाम सात बजे आग पूरी तरह से बुझ गई। जिस पर ग्रामीणों व पुलिस ने राहत की सांस ली।



source https://www.patrika.com/jaisalmer-news/video-the-fire-in-oran-was-controlled-after-six-hours-6772449/

Comments

Popular posts from this blog

प्रत्याशी तय करने में छूटे पसीने : दोनों पार्टियों पर मंडरा रहा बगावत और भीतरघात का खतरा

युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज

औद्योगिक प्रोत्साहन शिविर में दी जानकारियां