कोविड गाइडलाइन के साथ समारोह संपन्न करवाना जिम्मेदारों के लिए चुनौती
पोकरण. देश में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर अपना कहर बरपा रही है। प्रतिदिन कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। इस बीच बड़ी संख्या में विवाह समारोह भी आयोजित हो रहे है। इन विवाह समारोहों में सरकार की गाइडलाइन की पालना करवाना जिम्मेदारों के लिए चुनौती बना हुआ है। गौरतलब है कि गत एक माह से कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर का प्रकोप चल रहा है। देश प्रदेश के साथ जिले में भी बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित मिल रहे है। इस बीच इन दिनों सावों की भी धूम है। विशेष रूप से 30 अप्रेल को पोकरण क्षेत्र में बड़ी संख्या में विवाह समारोह आयोजित होंगे। जिसको लेकर प्रशासन की ओर से स्वीकृतियां भी जारी की गई है। सरकार की ओर से विवाह समारोह में 50 से अधिक व्यक्ति आमंत्रित नहीं करने के लिए पाबंद किया गया है, ताकि कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोका जा सके। इस स्थिति में आयोजकों की चिंता के साथ जिम्मेदारों के लिए भी प्रत्येक विवाह समारोह आयोजन पर नजर रखना किसी चुनौती से कम नहीं हो रहा है।
सूचना ही स्वीकृति
जिले में कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए विवाह आयोजकों की भीड़ उपखंड अधिकारी कार्यालय में नहीं हो, इसके लिए ई-मेल व व्हाट्सएप के माध्यम से विवाह समारोह आयोजन की सूचना देने का प्रावधान किया गया था। उपखंड अधिकारी की ओर से विवाह आयोजन की सूचना मिलने पर उसकी रिपोर्ट तैयार कर पुलिस उपाधीक्षक व संबंधित थानों को भिजवाई जाती है। साथ ही आयोजन पर नजर रखने और कोविड गाइडलाइन के अनुसार आयोजन हो, इसके लिए पाबंद किया जाता है। यदि नियमों की अवहेलना होती है, तो संबंधित कार्मिक की जिम्मेवारी होती है।
आज छह थानाक्षेत्रों में होंगे 218 विवाह
धार्मिक रीति रिवाज के अनुसार 30 अप्रेल को विवाह आयोजन का बड़ा सावा माना जा रहा है। उपखंड अधिकारी कार्यालय में प्राप्त हुई विवाह आयोजन की सूचनाओं के अनुसार शुक्रवार को पोकरण पुलिस वृत क्षेत्र के छह थानाक्षेत्रों में 218 विवाह समारोह आयोजित हो रहे है। उपखंड अधिकारी कार्यालय में ई-मेल व व्हाट्सएप के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं के अनुसार थानाक्षेत्र पोकरण में 53, नाचना में 35, लाठी में 17, नोख में 13, रामदेवरा में 40 व थानाक्षेत्र सांकड़ा में 60 विवाह समारोह आयोजित किए जाएंगे।
नियमों का पालन करवाना चुनौती
प्रशासन की ओर से स्वीकृति देने के बाद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए प्रत्येक विवाह समारोह में कोविड गाइडलाइन की पालना करवाना किसी चुनौती से कम नहीं हो रहा है। मेहमानों की अधिकतम संख्या 50 के साथ समारोह आयोजन की अवधि भी तीन घंटे ही निर्धारित की गई है। ऐसे में आयोजकों के लिए समारोह आयोजन करवाना चिंता बना हुआ है, तो जिम्मेदारों के लिए सिर का दर्द।
पुलिस उपाधीक्षक ने किया निरीक्षण
क्षेत्र में शुक्रवार को आयोजित होने वाले विवाह समारोहों की तैयारियों को देखने के लिए पुलिस उपाधीक्षक मोटाराम गोदारा ने गुरुवार को निरीक्षण किया। पुलिस उपाधीक्षक गोदारा ने पोकरण कस्बे, रामदेवरा, छायण, लोहारकी, बरड़ाना, चांदसर आदि क्षेत्र का भ्रमण किया तथा यहां शुक्रवार को आयोजित होने वाले विवाह समारोहों की तैयारियों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने आयोजकों को कोविड गाइडलाइन की पूरी पालना करने के लिए पाबंद किया। साथ ही संबंधित थानाधिकारियों को क्षेत्र में नजर रखने तथा नियमों का उल्लंघन होने पर मामले दर्ज करने के निर्देश दिए।
कार्मिक किए गए हैै नियुक्त
क्षेत्र में शुक्रवार को बड़ी संख्या में विवाह समारोहों का आयोजन होगा। जिसको लेकर कार्मिकों की नियुक्तियां की गई है, जो विवाह समारोह के आयोजन में कोविड नियमों की जांच करेगी। साथ ही नियमों की पालना नहीं होने पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
- राजेश विश्रोई, उपखंड अधिकारी, पोकरण।
source https://www.patrika.com/jaisalmer-news/challenges-for-the-responsibility-of-getting-the-ceremony-organized-wi-6824338/
Comments
Post a Comment