123 नए पॉजिटिव, संक्रमण दर 11.16 प्रतिशत
जैसलमेर. सीमांत जैसलमेर जिले में कोरोना की रफ्तार और मंद पड़ गई है। गुरुवार को 1102 जनों की आरटी पीसीआर जांच में 123 नए पॉजिटिव केसेज सामने आए। इस तरह से संक्रमण दर और कम होकर 11.16 प्रतिशत हो गई है, वहीं 576 जने कोरोना से रिकवर भी हो गए। अब तक जिले में दोनों लहरों को मिलाकर 16883 जने संक्रमित हुए हैं। गुरुवार को जैसलमेर ब्लॉक में 41, सम ब्लॉक में 29, पोकरण ग्रामीण में 24, जैसलमेर शहर में 21 तथा पोकरण शहर में 8 जने संक्रमित पाए गए हैं। सीएमएचओ डॉ. कमलेश चौधरी ने बताया कि कोरोना प्रभावित क्षेत्रों में रेपिड एंटीजन टेस्ट के माध्यम से भी विभागीय कार्मिकों की ओर से कोरोना जांच की जा रही है। गुरुवार को 492 जनों के टेस्ट किए गए, जिसमें 28 जने कोरोना पॉजिटिव पाए गए। एंटीजन टेस्ट की संक्रमण दर 5.7 प्रतिशत रही। इस तरह से गुरुवार को कुल 151 जने पॉजिटिव पाए गए हैं।
-दिल्ली के भामाशाह ने भेजे 10 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर
जैसलमेर. कोरोना संकट के समय में भामाशाहों को आगे आना चाहिए तथा आमजन को राहत पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास करने चाहिए। यह बात अल्पसंख्यक मामलात एवं जन अभाव अभियोग निराकरण मंत्री शाले मोहम्मद ने कही। जैसलमेर स्थित अपने निजी आवास पर कैबिनेट मंत्री शाले मोहम्मद ने कोरोना संकट के समय भामाशाहों को आगे आने की अपील की। मंत्री शाले मोहम्मद व बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष अमीन खां की प्रेरणा से दिल्ली के डॉक्टर एस एल स्वामी व दीपक गहलोत ने 10 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर सुपुर्द किए। जिसे जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना मरीजों की सहायता के लिए भेजा जाएगा। मंत्री ने दिल्ली के भामाशाहों का आभार जताते हुए कहा कि दिल्ली के भामाशाह द्वारा भेजे गए 10 कंसट्रेटर में दो ऑक्सीजन कंसंट्रेटर भागू का गांव के स्वास्थ्य केंद्र को सुपुर्द किए जाएंगे। शेष आठ ऑक्सीजन कंसंट्रेटर को पोकरण विधानसभा के नाचना नहरी क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्रों में भिजवाया जाएगा। इस दौरान नगरपरिषद सभापति हरिवल्लभ कल्ला, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष अमीन खां, कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष खट्टन खां, पर्यटन व्यवसायी पुष्पेन्द्र व्यास भी मौजूद रहे।
source https://www.patrika.com/jaisalmer-news/123-new-positives-infection-rate-11-16-percent-6868073/
Comments
Post a Comment