पोकरण को मिली जिला परिवहन कार्यालय की सौगात

पोकरण. राज्य सरकार की ओर से बुधवार रात एक आदेश जारी कर पोकरण में जिला परिवहन कार्यालय के पंजीयन अधिकारी को वाहन पंजीयन के लिए कोड आवंटित किए गए। अब पोकरण क्षेत्र के लोगों को वाहनों से संबंधित कार्यों के लिए जैसलमे जाने की आवश्यकता नहीं होगी। गौरतलब है कि पोकरण व भणियाणा उपखंड क्षेत्रों में छोटे बड़े वाहनों की संख्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है तथा वाहनों की संख्या के साथ ही युवा वर्ग वाहन चालक अनुज्ञा पत्र भी बनवाते है। अस्थायी वाहन चालक अनुज्ञा पत्र, मालवाहक वाहनों के फिटनेस व अन्य दस्तावेज, विभिन्न तरह के टैक्स, वाहनों के सत्यापन आदि के लिए लोगों को वाहन संबंधी सभी कार्यों केे लिए पोकरण से 120 किमी तथा पोकरण विधानसभा के अंतिम छोर पर स्थित नोख से 225 किमी, फलसूण्ड से 180 किमी का सफर तय कर जैसलमेर मुख्यालय जाना पड़ता है। जिससे उन्हें समय, आर्थिक व शारीरिक परेशानी से रूबरू होना पड़ता है। हालांकि कुछ वर्ष पूर्व पोकरण में परिवहन निरीक्षक कार्यालय शुरू किया गया था, लेकिन स्थायी रूप से निरीक्षक की नियुक्ति नहीं होने व समय पर कार्यालय नहीं खुलने के कारण लोगों को परेशानी हो रही थी। पोकरण विधायक व अल्पसंख्यक मामलात मंत्री शाले मोहम्मद के प्रयासों से जिला परिवहन कार्यालय शुरू होने की प्रक्रिया के अंतर्गत कोड आवंटित कर दिए गए है। ऐसे में शीघ्र ही कार्यालय के भी शुरू होने की संभावना है। जिससे आमजन को राहत मिलेगी।
आरजे 55 मिला कोड
राज्य सरकार के वर्ष 2021-22 बजट भाषण के दौरान पोकरण विधायक व अल्पसंख्यक मामलात, वक्फ एवं जन अभियोग निराकरण विभाग मंत्री शाले मोहम्मद की मांग पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से पोकरण में जिला परिवहन कार्यालय की घोषणा की गई थी। घोषणा के बाद बुधवार रात राजस्थान सरकार के परिवहन विभाग के परिवहन आयुक्त एवं विशिष्ट शासन सचिव महेन्द्र सोनी की ओर से एक आदेश जारी कर पोकरण में नवगठित जिला परिवहन कार्यालय के पंजीयन अधिकारी को आरजे 55 पंजीयन कोड आवंटित किया गया।
लम्बे समय से उठ रही थी मांग
पोकरण विधानसभा क्षेत्र में वाहनों व वाहन चालकों की संख्या दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। फलोदी, भीनमाल, ब्यावर, बालोतरा जैसे कई उपखंड मुख्यालयों पर जिला परिवहन कार्यालय खुले हुए थे। ऐसे में पोकरण में भी जिला परिवहन कार्यालय खोलने की मांग की जा रही थी। क्षेत्रवासियों की मांग को लेकर विधायक शाले मोहम्मद भी गत दो वर्षों से प्रयासरत थे। गत बजट भाषण में सौगात मिलने के बाद बुधवार रात कोड भी आवंटित कर दिए गए। जिससे क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर छा गई। साथ ही लोगों ने अल्पसंख्यक मामलात मंत्री का आभार भी जताया।
फैक्ट फाइल:-
- 2 उपखंड मुख्यालय है पोकरण विधानसभा क्षेत्र में
- 3 पंचायत समितियों में करीब 85 ग्राम पंचायतों की आबादी करती है निवास
- 30 हजार से अधिक है छोटे बड़े वाहनों की संख्या
- 225 किमी तक सफर कर जाना पड़ता है जिला परिवहन कार्यालय
मिलेगी सुविधा व राहत
पोकरण में लम्बे समय से जिला परिवहन कार्यालय की मांग की जा रही थी। अनुज्ञा पत्र सहित अन्य वाहन संबंधी कार्यों के लिए आमजन को जिला मुख्यालय जाना पड़ता था। कई बार कार्मिक के अवकाश पर होने से दो-तीन बार चक्कर लगाने पड़ते थे। अब जिला परिवहन कार्यालय शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को सुविधा व राहत मिलेगी।
- नारायणलाल रंगा, पार्षद व कांग्रेस नेता, पोकरण।
वाहन चालक होते थे परेशान
बसों व मालवाहक वाहनधारकों को प्रत्येक माह टैक्स जमा करवाने के लिए जैसलमेर जाना पड़ता था। इसके अलावा दूर दराज ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करने वाले लोगों की परेशानी और बढ़ जाती थी। कई बार उन्हें पुन: गांव के लिए साधन नहीं मिलने पर रात जैसलमेर मे बितानी पड़ती थी। पोकरण में जिला परिवहन कार्यालय की सौगात से राहत मिलेगी।
- फजलदीन मेहर, सरपंच माड़वा व वाहनधारक, पोकरण।



source https://www.patrika.com/jaisalmer-news/pokaran-received-the-gift-of-the-district-transport-office-6866399/

Comments

Popular posts from this blog

प्रत्याशी तय करने में छूटे पसीने : दोनों पार्टियों पर मंडरा रहा बगावत और भीतरघात का खतरा

युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज

औद्योगिक प्रोत्साहन शिविर में दी जानकारियां