पदाधिकारियों का किया स्वागत, संगठन के मुद्दों पर हुई चर्चा
पोकरण. अखिल भारतीय सेवादल कांग्रेस के पदाधिकारियों ने मंगलवार को कस्बे में अल्पसंख्यक मामलात मंत्री के आवास फतेह मंजिल पर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक ली तथा संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की। सेवादल कांग्रेस के संभाग प्रभारी मोहन हटेला, राजेन्द्रसिंह अडवाना, राहुल चौधरी मंगलवार को सुबह पोकरण पहुंचे। यहां फतेह मंजिल में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अब्दुला फकीर, सेवादल के निवर्तमान जिलाध्यक्ष खट्टनखां, पोकरण विधानसभा के सेवादल समन्वयक हाजी यार मोहम्मद गोमट ने उनका मालाएं पहनाकर व शॉल ओढ़ाकर स्वागत व अभिनंदन किया। इस मौके पर आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी हटेला ने कहा कि कांग्रेस में सेवादल संगठन का प्रमुख स्थान है। उन्होंने सेवादल से जुड़े कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करने, संगठन को मजबूत बनाने की बात कही। कांग्रेस नेता अब्दुला फकीर ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पार्टी है तथा त्याग, तपस्या व बलिदान के सिद्धांत पर कार्य करते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता के साथ हर परिस्थिति में तैयार खड़ी है। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में अभियान चलाकर बूथ स्तर पर सेवादल संगठन को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने सेवादल के पदाधिकारियों को क्षेत्र की संगठनात्मक स्थिति से अवगत करवाया। इस मौके पर संगठन के विस्तार व अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की गई। पोकरण विधानसभा के सेवादल समन्वयक यार मोहम्मद ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए पदाधिकारियों का स्वागत किया और संगठन को मजबूत बनाने के लिए बनाई गई रूपरेखा पर प्रकाश डाला। बैठक में आरबखां सनावड़ा, कमालखां, महेश पुरोहित, राजेश व्यास, महेश विश्रोई, मूलाराम कुमावत, अजीजखां मंगलिया, मूलाराम रामदेवरा सहित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
source https://www.patrika.com/jaisalmer-news/the-office-bearers-were-welcomed-the-issues-of-the-organization-were-6923467/
Comments
Post a Comment