पोकरण में गर्मी, लू से आमजन परेशान, तो आसकंद्रा में बारिश
पोकरण. क्षेत्र में रविवार को मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिले। कस्बे में रविवार को सुबह आसमान में बादल छाए हुए थे। नौ बजे बाद सूर्य की तेज किरणें निकली और तापमान में बढ़ोतरी होने लगी। 11 बजे बाद लू के थपेड़े शुरू हो गए तथा भीषण गर्मी के कारण आमजन का बेहाल हो गया। दोपहर के समय लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। शाम चार बजे बाद आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हुई तथा साढ़े चार बजे आसमान में घने बादल छा गए और बारिश जैसा मौसम हो गया, लेकिन देर शाम तक भी बारिश नहीं हुई। करीब साढ़े पांच बजे तेज हवाएं व आंधी चलने लगी तथा कुछ ही देर में बादलों की आवाजाही शुरू हो जाने से मौसम धूप छांव का हो गया। जिससे पुन: गर्मी का मौसम हो गया। देर शाम तक भी गर्मी का दौर जारी रहने से जनजीवन प्रभावित हुआ।
आसकंद्रा. गांव सहित आसपास क्षेत्र में रविवार को सुबह हुई बारिश से मौसम ठंडा व सुहावना हो गया। गत कुछ दिनों से भीषण गर्मी का दौर चल रहा था। रविवार को अलसुबह चार बजे आसमान में घने बादल छा गए और पांच बजे तेज बारिश का दौर शुरू हुआ। आसकंद्रा के साथ सत्याया, एमटीडी, दिधु, भदडिय़ा, अवाय व आसपास क्षेत्र में करीब आधे घंटे तक हुई बारिश से जगह-जगह पानी जमा हो गया। साथ ही मौसम भी ठंडा व सुहावना हो गया। इसके बाद दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही चलती रही और मौसम धूप छांव का बना रहा। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। यदि आगामी दिनों में फिर अच्छी बारिश होती है, तो खरीफ की फसल में फायदा होने की उम्मीद है। साथ ही पशुओं के लिए चारे की समस्या का भी निस्तारण होगा।
source https://www.patrika.com/jaisalmer-news/heat-in-pokaran-people-are-troubled-by-heat-then-it-rains-in-askandr-6919435/
Comments
Post a Comment