345 मरीजों की आंखों की जांच में 208 को मिली नेत्रज्योति
जैसलमेर. जन सेवा समिति की ओर से संचालित बिसानी नेत्र चिकित्सा केंद्र में सत्यनारायण मालपानी व अमृतलाल मालपानी की स्मृति में कृष्णा मालपानी व उनके सुपुत्र प्रणय मालपानी की ओर से प्रायोजित समिति का 164 वां नेत्र चिकित्सा शिविर सम्पन्न हुआ। शिविर में 345 मरीजों ने आंखों की जांच कराई, जिसमें 250 मरीजों को मोतियाबिंद के ऑपरेशन के लिए भर्ती किया। ऑपरेशन पूर्व की आवश्यक जांचों के बाद 208 मरीजों के लेंस ऑपरेशन कर नेत्र ज्योति प्रदान की एवं शेष 42 मरीजों को आवश्यक परामर्श देकर छुटी दी। समिति के प्रवक्ता अमृत भूतड़ा ने बताया कि पश्चिम राजस्थान के जैसलमेर जिले में पिछले 17 वर्षों से हर महीने की 25 तारीख को आयोजित नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर में आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से सुसज्जित ऑपरेशन थियेटर में फेंको पद्धति से मोतियाबिंद के लेंस प्रत्यारोपण के ऑपरेशन कर नव ज्योति प्रदान की जाती है।जिसमें अब तक 17000 से अधिक नेत्रों में लेंस लगाकर रोशनी प्रदान की गई। ये शिविर भामाशाहों के सहयोग से आयोजित किए जाते है। शिविर के भामाशाह परिवार कृष्णा मालपानी व प्रणय मालपानी का अभिनंदन समिति के अध्यक्ष डॉ दाऊलाल शर्मा ने शॉल ओढ़ाकर किया। उनके परिवार के यामिनी मालपानी, निशा गोयदानी, सीमा गोयदानी, स्नेहा बिसानी, राजश्री मालपानी का अभिनंदन जन सेवा समिति की और से अपर्णा ओढ़ाकर किया। कोषाध्यक्ष मदनलाल डांगरा ने समिति की ओर से दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया।
source https://www.patrika.com/jaisalmer-news/208-got-eyesight-in-345-patients-eyes-6978166/
Comments
Post a Comment