तोपखाना रेजिमेंट की स्थापना के गोल्डन जुबली वर्ष के अवसर पर हुई हॉफ मैराथन दौड़
जैसलमेर. भारत की सीमाओं पर तैनात अग्रणी सुरक्षा पंक्ति सीमा सुरक्षा बल की तोपखाना रेजिमेंट की स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने पर इस वर्ष को गोल्डन जुबली वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इस उपलक्ष्य में जैसलमेर स्थित तोपखाना रेजिमेंट की 1022 वीं वाहिनी ने हॉफ मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। यह दौड़ छत्रैल गांव से बटालियन तक 21 किलोमीटर की थी, जिसे रेजिमेंट कमांडर सत्येन्द्र सिंह पंवार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। स्वच्छ भारत मिशन एवं फिट इंडिया मिशन को प्रमोट करने एवं जनमानस तक स्वास्थ्य और स्वस्थ रहने का संदेश पहुंचाने के लिए आयोजित हाफ मैराथन में 50 जवानों एवं 50 स्थानीय युवाओं ने भाग लिया। धावक मैराथन के दौरान छत्रैल से रवाना होकर लौद्रवा, चूंधी, अमरसागर गांव होते हुए तोपखाना रेजिमेंट के मुख्यालय पहुंचे। हाफ मैराथन में हमीराराम पुत्र चननाराम ने 1 घंटा 34 मिनट का समय लेकर प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं दीनसिंह पुत्र माधोसिंह ने 1 घंटा 36 मिनट का समय लेकर द्वितीय स्थान और जेठूसिंह पुत्र कीरतसिंह ने 1 घंटा 38 मिनट का समय लेकर तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके साथ दस अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार के लिए चयनित कर वाहिनी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पुरस्कार एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। भारत सरकार की तरफ से प्रथम तीन विजेताओं को नकद पुरस्कार दिया गया, वहीं रेजिमेंट कमांडर सत्येन्द्रसिंह पंवार ने भी एक एक हजार का नकद पुरस्कार प्रदान किया। हॉफ मैराथन में शामिल सभी प्रतिभागियों को भी उपहार एवं प्रशस्ति पत्र देकर हौसला अफजाई की गई। हॅाफ मैराथन के दौरान रास्ते में बीएसएफ जवानों की ओर से प्रतिभागियों के लिए एनर्जी ड्रिंक की व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम जहां तोपखाना रेजिमेंट के द्वितीय कमान अधिकारी अजय शर्मा ने तोपखाना रेजिमेंट के गोल्डन जुबली वर्ष पर आयोजित हॉफ मैराथन के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। तोपखाना रेजिमेंट के समादेष्टा कमांडर सत्येन्द्रसिंह पंवार ने जीते हुए प्रतिभागियों के साथ साथ मैराथन में शामिल धावकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है और आज की हाफ मैराथन आपकी मंजिल का आधा सफर पार करने का घोतक भी है। कार्यक्रम के आयोजन का श्रेय उपसमादेष्टा राजीव बिस्ट को दिया गया, जिन्होंने कम समय में तैयारियां की।
source https://www.patrika.com/jaisalmer-news/half-marathon-run-on-the-occasion-of-golden-jubilee-year-of-artillery-7035189/
Comments
Post a Comment