मंत्री का पोकरण पहुंचने पर किया स्वागत
पोकरण. राजस्थान सरकार के अल्पसंख्यक मामलात, वक्फ, उपनिवेशन, कृषि सिंचित क्षेत्र विकास एवं जल उपयोगिता मंत्री व पोकरण विधायक शाले मोहम्मद के मंत्रिमंडल पुनर्गठन व अहम विभागों की जिम्मेवारी मिलने के बाद गुरुवार शाम पोकरण पहुंचने पर कार्यकर्ताओं की ओर से स्वागत व अभिनंदन किया गया। मंत्रिमंडल पुनर्गठन के बाद मंत्री शाले मोहम्मद गुरुवार की शाम छह बजे बाद पोकरण पहुंचे। यहां पहुंचने पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेन्द्र पुरोहित, रणवीरसिंह गोदारा, पार्षद नारायणलाल रंगा, आनंदीलाल गुचिया, एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष भोमसिंह, युवा कांग्रेस पोकरण अध्यक्ष विकास विश्रोई के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने साफा, मालाएं पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर स्वागत व अभिनंदन किया। जोधपुर रोड से एक जुलूस निकाला गया। यह जुलूस व्यास सर्किल, जैसलमेर रोड, मदरसा रोड, शक्तिस्थल होते हुए मंत्री आवास फतेह मंजिल पर पहुंचा। यहां मंत्री शाले मोहम्मद ने संबोधित करते हुए बताया कि सरकार की ओर से दी गई जिम्मेवारी का वे पूरी इमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे। साथ ही क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों, जरुरतमंदों की समस्याओं का निस्तारण कर उन्हें सरकार की योजनाओं से लाभान्वित करने का कार्य करेंगे। उन्होंने अपने स्वागत व अभिनंदन के लिए क्षेत्रवासियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
source https://www.patrika.com/jaisalmer-news/minister-was-welcomed-on-his-arrival-in-pokhran-7193202/
Comments
Post a Comment