उपनिवेशन विभाग में बर्दाश्त नहीं करेंगे भ्रष्टाचार
जैसलमेर. प्रदेश के नवनियुक्त उपनिवेशन मंत्री शाले मोहम्मद ने कहा कि उपनिवेशन विभाग में किसी तरह के भ्रष्टाचार और अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी किसी भी शिकायत के सामने आने पर संबंधित कार्मिक या अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। जैसलमेर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री ने कहा कि जिले के उपनिवेशन विभाग में जो आवेदन बकाया हैं, उन पर निर्णय करवाना उनकी प्राथमिकता में शामिल रहेगा। वे चाहते हैं कि अगले दो वर्ष में उपनिवेशन विभाग का काम पूरा करवा दें। आगामी सोमवार को नए मंत्रालय का कामकाज संभालने के साथ अधिकारियों की बैठक लेंगे और उसके बाद योजनाबद्ध ढंग से आगे बढ़ा जाएगा। मोहम्मद ने कहा कि किस मंत्री को कौनसा विभाग देना है, यह तय करना मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है। मुख्यमंत्री ने उन्हें उपनिवेशन और सीएडी जैसे विभाग देकर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने के लिए वे हरसंभव प्रयास करेंगे। शाले मोहम्मद ने कहा कि पर्यटन जैसलमेर की पहचान है। इस दिशा में राज्य सरकार भरपूर प्रयास कर रही है। मु यमंत्री अशोक गहलोत ने जैसलमेर में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यहां पर्यटन हब को विकसित करने का बीड़ा उठाया है। इसके लिए बजट का प्रबंध भी किया जा रहा है।
कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां जल्द
केबिनेट मंत्री शाले मोहम्मद ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को सत्ता व संगठन में भागीदारी का काम अब बेहद तेजी से किया जाएगा। इसके लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से लेकर राहुल गांधी व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत तथा तमाम बड़े नेता एकमत हैं। आने वाले कुछ समय में कांग्रेस जिलाध्यक्षों से लेकर अन्य पदों पर कार्यकर्ताओं को काम करने का मौका दिया जाएगा। शाले मोहम्मद ने दावा किया कि प्रदेश में सरकार की बेहतरीन कार्यप्रणाली से कांग्रेस के पक्ष में जोरदार माहौल है। हाल में दो उपचुनावों में पार्टी की जीत इसी तरफ इशारा कर रही है। ऐसे में उन्हें विश्वास है कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सत्ता में वापसी करेगी। केबिनेट मंत्री ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि वहां भावी मुख्यमंत्रियों का जमघट लगा हुआ है। प्रत्येक नेता स्वयं को अगला मुख्यमंत्री मान बैठा है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंंत्री वसुंधरा राजे की परोक्ष रूप से प्रशंसा की, लेकिन साथ ही कहा कि वर्तमान में प्रदेशवासियों का पूरा समर्थन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पक्ष में है। इस मौके पर नगरपरिषद के सभापति हरिवल्लभ कल्ला और निवर्तमान कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोविंद भार्गव उपस्थित थे।
source https://www.patrika.com/jaisalmer-news/will-not-tolerate-corruption-in-colonization-department-7193203/
Comments
Post a Comment