सोलर प्लांट में डकैती का आरोपी गिरफ्तार
पोकरण. सांकड़ा थानाक्षेत्र के नेड़ान में स्थित सोलर प्लांट में डकैती करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सांकड़ा पुलिस के अनुसार नेड़ान में कार्यरत सोलर कंपनी में सुरक्षा का कार्य कर रही कंपनी के मैनेजर श्रवणसिंह ने चार अगस्त को एक रिपोर्ट पेश कर बताया था कि तीन अगस्त को अलसुबह पौने चार बजे एनटीपीसी साइट पर तीन गाडिय़ां आई तथा गाडिय़ों में सवार आरोपियों ने अफरा तफरी मचाई। सभी आरोपियों के साथ हथियार, लाठियां व लोहे की रोड़े थी। इसके बाद सभी नकाबपोश आरोपी स्टोर में तैनात सुरक्षाकर्मियों पर हमला कर डीसी केबल के तीन ड्रम तीन गाडिय़ों में भरकर ले गए। जिस पर पुलिस में डकैती का मामला दर्ज किया गया था। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ.अजयसिंह के निर्देशानुसार सांकड़ा थानाधिकारी आदेशकुमार के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक खुशालचंद, हेड कांस्टेबल रामसिंह, कांस्टेबल भवानीसिंह, ओमप्रकाश की टीम का गठन किया गया। टीम ने डकैती के आरोपी शेरगढ़ थानांतर्गत खिरजाखास निवासी भूपेन्द्रसिंह पुत्र पेंपसिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी भूपेन्द्रसिंह से अन्य आरोपियों की पहचान, अन्य वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।
source https://www.patrika.com/jaisalmer-news/the-accused-of-robbery-in-solar-plant-arrested-7195633/
Comments
Post a Comment