अंतरराष्ट्रीय सरहद पर आकार लेगा सीमावर्ती पर्यटन
जैसलमेर. अंतरराष्ट्रीय सरहद पर स्थित जैसलमेर जिले में सीमावर्ती पर्यटन को बढ़ावा देने को लेकर जिला कलक्टर आशीष मोदी के निर्देशन में तैयार प्रोजेक्ट को नीति आयोग द्वारा मंजूर कर लिया गया है। प्रोजेक्ट के तहत सरहदी पर्यटन को बढावा दिए जाने के साथ ही सीमा सुरक्षा बल की कार्य शैली के बारे में पर्यटकों में जागरूकता लाने व उनके द्वारा किए जाने वाले अनुकरणीय कार्य से पर्यटकों को रु-ब-रुकरवाने तथा रोजगार के नए अवसर सृजित करने के उद्धेश्य से तनोट-लोंगेवाला-बबलियान परिपथ को विकसित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि जैसलमेर जिला आकांक्षी कार्यक्रम में शामिल है, जिसके अन्तर्गत जिला कलक्टर आशीष मोदी के प्रयासों से नीति आयोग ने सीमावर्ती पर्यटन को बढावा देने के इस प्रोजेक्ट को स्वीकृति प्रदान की है। गौरतलब है कि बॉर्डर टूरिज्म को लेकर पत्रिका ने प्रमुखता से मुद्दा उठाया था।
समन्वित भागीदारी से आकार लेगा प्रोजेक्ट
प्रोजेक्ट में जिला प्रशासन के साथ-साथ सीमा सुरक्षा बल, पर्यटन विभाग, जिला परिषद् जैसलमेर व ग्राम पंचायत तनोट सहयोगी होंगे। इस प्रोजेक्ट को तैयार करने के उद्देश्य से जिला कलक्टर एवं संबंधित अधिकारियों व विशेषज्ञों की टीम की ओर से बबलियान सीमावर्ती चौकी सहित सरहदी क्षेत्रों का पर्यटन विकास की दृष्टि से व्यापक दौरा किया गया, सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों के साथ बैठक तथा निरीक्षण आदि कर आवश्यक क्रियाकलापों की कार्ययोजना बनाकर नीति आयोग को भिजवाई गई थी। इस प्रोजेक्ट से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि जिले में सह-पर्यटन गतिविधियों पर आधारित विभिन्न हितधारकों को आर्थिक उन्नति प्रदान करने के अवसर सृजित होंगे।
प्रोजेक्ट में ये कार्य होंगे
जिला कलक्टर आशीष मोदी ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के अन्तर्गत बबलियान सीमा चौकी पर वॉच-टावर, दर्शक दीर्घा, कैफेटेरिया इत्यादि का निर्माण, बबलियान सीमा चौकी पर सीमा सुरक्षा बल द्वारा वापसी समारोह (रिट्रिट सेरेमनी) का प्रदर्शन, भारतीय एवं विदेशी पर्यटकों को केवल पर्यटन के उद्देश्य से तनोट एवं बबलियान भ्रमण की अनुमति प्रक्रिया को ऑनलाइन किया जाएगा। इसके साथ ही जैसलमेर तथा तनोट में पर्यटक स्वागत केन्द्र एवं सुविधा केन्द्र का निर्माण किया जाना शामिल है।
पूरी टीम के प्रयासों की सफलता
जैसलमेर आने वाले सैलानियों के लिए बॉर्डर ट्यूरिज्म आकर्षण का एक और बेहतर कारण बनेगा, यह बहुत प्रसन्नता की बात है। अंतरराष्ट्रीय तारबंदी क्षेत्र को पर्यटन के लिए खुलवाने के लिए प्रशासन सहित पूरी टीम जैसलमेर ने भरसक प्रयास किए। नीति आयोग ने हमारे पक्ष को स्वीकृति दी है। आने वाले समय में जैसलमेर में पर्यटकों की आवक में निश्चित रूप से और बढ़ोतरी होगी।
- आशीष मोदी, जिला कलक्टर जैसलमेर
source https://www.patrika.com/jaisalmer-news/border-tourism-will-take-shape-on-the-international-border-7199814/
Comments
Post a Comment