कार्यशैली को जनोन्मुखी बनाते हुए निभाएं दायित्व: शाले मोहम्मद
जैसलमेर. अल्पसंख्यक मामलात, वक्फ, उपनिवेशन, कृषि एवं सिचिंत क्षेत्र विकास तथा जल उपयोगिता विभागीय मंत्री शाले मोहम्मद ने शनिवार को जैसलमेर जिला कलक्ट्री सभाकक्ष में जिलास्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। केबिनेट मंत्री शाले मोहम्मद ने प्रशासन गांवों एवं शहरों के संग अभियान, फ्लेगशिप योजनाओं तथा ग्रामीण विकास से संबंधित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विभागवार तथा क्षेत्रवार विस्तार से समीक्षा की और इन अभियानों को आशातीत सफल बनाने तथा जिले को विकास की दृष्टि से उच्च श्रेणी दिलाने के लिए गंभीरतापूर्वक एवं योजनाबद्ध प्रयासों का आह्वान जिलाधिकारियों से किया। बैठक में नगर परिषद सभापति हरिवल्लभ कल्ला, अतिरिक्त जिला कलक्टर हरि सिंह मीना, जिलापरिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नारायणसिंह चारण, राजस्व एवं उपनिवेशन सहित विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय अधिकारियों, तहसीलदारों, विकास अधिकारियों एवं अन्य संबंधित अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में पीपीटी के माध्यम से अभियानों और विभागीय प्रगति के आधार पर समीक्षा की गई। विभागीय अधिकारियों ने अपने विभाग से संबंधित प्रगति और गतिविधियों के बारे में बताया। आरंभ में अतिरिक्त जिला कलक्टर हरि सिंह मीना ने केबिनेट मंत्री का स्वागत किया। अल्पसंख्यक मामलात एवं उप निवेशन मंत्री ने प्रशासन गांवों के संग अभियान की समीक्षा करते हुए इस अभियान के तमाम शिविरों को प्रभावी एवं अधिकाधिक उपादेय बनाने की आवश्यकता पर बल दिया और व्यापक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने न्यून प्रगति के कारणों पर अधिकारियों के साथ मंथन किया और कहा कि आम जन की बुनियादी जरूरतों और वैयक्तिक प्रगति से जुड़े हुए तमाम कार्यक्रमों एवं योजनाओं के बारे में ग्रामीण अंचलों में व्यापक प्रचार-प्रसार करें व जनता तक इन योजनाओं और इनसे लाभ पाने की प्रक्रिया के बारे में अवगत कराएं तथा यह प्रयास करें कि जिले की प्रगति का औसत हर मामले में प्रदेश के औसत से अधिक ही हो।
बीडीओ मोनिटरिंग करें, त्वरित संज्ञान लें
उन्होंने कहा कि यह अच्छी तरह ध्यान रखा जाए कि किसी पात्र व्यक्ति का नाम आवास पाने से छूटे नहीं तथा गलत आदमी का नाम सूची में आए नहीं। उन्होंने विकास अधिकारियों से भी कहा कि वे इस योजना की मोनिटरिंग करें तथा शिकायत सामने आते ही तत्काल संज्ञान लें। मंत्री ने अभियान के दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी नारायणसिंह चारण द्वारा समाहित नवाचारों की सराहना की। नगरीय निकायों के प्रबंधन तंत्र को मजबूत बनाएं
प्रशासन शहरों के संग अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने शिविरों को और अधिक उपयोगी बनाने तथा वांछित प्रगति लाने के निर्देश देते हुए दोनों नगर निकायों के अधिकारियों से कहा कि निकाय के काम.काज में तेजी लाने के प्रबन्धन तंत्र में सुधार व मजबूती के साथ ही कार्यशैली में बदलाव लाने के निर्देश दिए और कहा कि अपने अधिकारों का उपयोग करें। अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिसिंह मीना ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करते हुए केबिनेट मंत्री को विश्वास दिलाया कि आने वाले समय में अभियानों, फ्लेगशिप योजनाओं तथा ग्रामीण विकास सहित तमाम योजनाओं एवं कार्यक्रमों में जैसलमेर जिला प्रगति की वांछित रफ्तार पा लेगा। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर प्रयास किए जाएंगे।
source https://www.patrika.com/jaisalmer-news/कार्यशैली-को-जनोन्मुखी-बनाते-हुए-निभाएं-दायित्व-शाले-मोहम्मद-7195627/
Comments
Post a Comment