जैसाणे में अब चुभने लगी है सर्द हवाएं
जैसलमेर. सरहदी जैसलमेर जिले में अब सर्द हवाएं चुभन देने लगी है। विगत एक सप्ताह से चल रहे सर्दी का असर अब बढऩे लगा है। सर्द हवाओं का दौर बुधवार को भी बरकरार रहा। दिन के समय भी सर्दी का अहसास रहने लगा है। इस कारण दोपहर के समय लोगों को धूप में बैठे हुए देखा जा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार जैसलमेर में बुधवार को अधिकतम तापमान 26.5 और न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री रहा। स्वर्णनगरी घूमने आए सैलानी भी सुबह व शाम को गर्म लिबासों में नजर आते हैं। सर्दी के चलते लोगों की दिनचर्या व खानपान बदल गया है। रात में जगह-जगह अलाव तापते लोग सर्दी से बचने को जतन करते हैं। मौसम में बदलाव आने से लोगों की दिनचर्या में भी बदलाव देखने को मिल रहा है।
बढ़ गया सर्दी का असर, छूटी धूंजणी
पोकरण. क्षेत्र में बुधवार को अचानक बढ़ी सर्दी के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। गत कुछ दिनों तक सुबह व रात के समय ठंड, तो दोपहर के समय तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही थी। मंगलवार की देर रात तेज हवा का दौर शुरू हुआ। बुधवार को दिन चढऩे के साथ आसमान में बादलों की आवाजाही लगी हुई थी तथा तेज शीतलहर चल रही थी। जिससे ठंड का असर बढ़ गया। तेज शीतलहर व कड़ाके की ठंड के कारण लोगों की दिनचर्या देरी से शुरू हुई। दिनभर तेज सर्द हवा के साथ बादलों की आवाजाही लगी रही। जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया। साथ ही लोग गर्म व ऊनी वस्त्र पहनकर सर्दी से बचने का जतन करते नजर आए। शाम ढलने के साथ सर्दी का असर बढ़ गया और तापमान में अधिक गिरावट हो गई। जिससे लोगों ने घरों की तरफ जल्दी प्रस्थान किया। इसके अलावा गर्म खाद्य व पेय पदार्थों की दुकानों पर भीड़ नजर आई।
source https://www.patrika.com/jaisalmer-news/now-the-cold-winds-have-started-stinging-in-jaisene-7203003/
Comments
Post a Comment