गांवों में मिल रही बेहतर चिकित्सा सुविधा, मेलों से मिलेगा स्वास्थ्य लाभ : मंत्री
पोकरण. राजस्थान सरकार के अल्पसंख्यक मामलात, वक्फ, उपनिवेशन, कृषि सिंचित क्षेत्र विकास एवं जल उपयोगिता विभाग के मंत्री व पोकरण विधायक शाले मोहम्मद ने कहा कि बीते तीन वर्षों में कोरोना संक्रमण की महामारी के दौरान राज्य सरकार व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने चिकित्सा के क्षेत्र में बेहतरीन प्रबंध किए। जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में भी बेहतर व उच्च चिकित्सा सेवा मिल रही है। मंत्री शाले मोहम्मद ने क्षेत्र के भणियाणा गांव में स्थित राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में बुधवार को स्वास्थ्य मेले के दौरान आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार की ओर से आमजन के हित में मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना शुरू की गई है। जिससे प्रदेश के लाखों परिवारों को गंभीर बीमारियों का नि:शुल्क उपचार किया जा रहा है। उन्होंने इस योजना की विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए आमजन से पंजीयन करवाने व लाभ अर्जित करने का आह्वान किया। साथ ही पोकरण विधानसभा क्षेत्र के राजकीय सामुदायिक, प्राथमिक व उपस्वास्थ्य केन्द्रों में भी बेहतर प्रबंधन किए गए है, ताकि यहां आने वाले मरीजों को चिकित्सा सुविधा व सेवा मिल सके। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मुख्यमंत्री ने निरोगी राजस्थान का संकल्प लिया है, उसी के आधार पर प्रदेशभर में अस्पतालों की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। यहां उपकरणों व दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है तथा मरीजों के नि:शुल्क उपचार के साथ उन्हें मुफ्त दवाइयोंं की व्यवस्था की गई है। उन्होंने चिकित्सा के क्षेत्र में संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ अर्जित करने का आह्वान किया। साथ ही वर्तमान में शुरू किए गए स्वास्थ्य मेलोंं के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए आमजन से इन मेलों में पहुंचकर उपचार करवाने व योजनाओं में आवेदन करने की बात कही।
इन्होंने भी रखे विचार
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणवीरसिंह गोदारा ने स्वास्थ्य मेलों में बच्चों की स्क्रीनिंग, मरीजों की स्वास्थ्य जांच व परामर्श सेवाओं आदि के बारे में बताया। साथ ही पोकरण विधानसभा क्षेत्र में राज्य सरकार की ओर से दी गई सौगातों की जानकारी दी। इससे पूर्व ब्लॉक मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.लोंग मोहम्मद राजड़ ने सभी का स्वागत करते हुए स्वास्थ्य मेलों में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉॅ.कुणाल साहू ने विभाग की योजनाओं, गतिविधियों आदि की जानकारी देते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर सरपंच राजेन्द्र जाखड़ भणियाणा, सालूराम बारठ का गांव, चेतनराम मेघवाल, मेहरदीन खेलाना सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
266 जनों का किया उपचार
खंड मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.लोंग मोहम्मद ने बताया कि बुधवार को भणियाणा में आयोजित स्वास्थ्य मेले में 266 जनों के स्वास्थ्य की जांच कर उपचार किया गया। मेले में चार जनों को दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए। 11 मरीजों को टेलीमेडिसिन सेवा से लाभान्वित किया गया। पांच परिवारों का मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में पंजीयन किया गया। मंत्री ने पंजीयन प्रमाण पत्र लाभान्वितोंं को सुपुर्द किए।
सुनी समस्याएं, किया निर्देशित
भणियाणा में आयोजित स्वास्थ्य मेले के दौरान क्षेत्र से बड़ी संख्या में आए ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया तथा परिवेदनाएं मंत्री को सुपुर्द की। जिस पर मंत्री ने यहां उपस्थित ग्रामीणों ने इत्मिनान से मुलाकात कर एक-एक परिवेदना की जानकारी ली तथा संबंधित विभाग के अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के लिए निर्देशित किया।
source https://www.patrika.com/jaisalmer-news/better-medical-facilities-are-available-in-villages-health-benefits-w-7479995/
Comments
Post a Comment