Video: कान्स से जैसलमेर लौटने पर मामे खां का जोरदार स्वागत हुआ
जैसलमेर. जैसलमेर की माटी के लोक कलाकार मामे खां कान्स फिल्म फेस्टिवल में भाग लेने के बाद शनिवार को जैसलमेर पहुंचे और यहां पर उनका लोगों ने जोरदार ढंग से स्वागत किया। मामे खां का जगह-जगह हुए स्वागत में उन्हें शॉल ओढ़ाई गई तथा माल्यार्पण किया गया। मामे खां ने इस मौके पर भाव विह्वल होते हुए कहा कि लोक संगीत ने उन्हें बॉलीवुड से लेकर कान्स तक सफर करवाया और आज वे जो कुछ भी हैं, मरुधरा की लोकगीत-संगीत की सुदीर्घ परम्परा की बदौलत हैं। मामे खां ने कहा कि शास्त्रीय संगीत हो या फिल्मी संगीत सभी लोक संगीत से ही निकले हैं। हमारे पूर्वज पीढ़ी दर पीढ़ी इस संगीत को आगे बढ़ाते हुए आए हैं। यजमानों ने इसे जीवित रखने में योगदान दिया। उन्होंने नवोदित कलाकारों से कहा कि वे भरपूर लगन और पूर्णतया समर्पित भाव से अपनी कला का परिष्कार करें। जिले के सत्तो गांव के बाशिंदे मामे खां ने कहा कि कान्स में बॉलीवुड और हॉलीवुड की हस्तियों के बीच रेड कारपेट पर वॉक करना किसी सपने के सच होने जैसा था। यह एक अद्भुत अनुभव था।
जगह-जगह किया स्वागत
मामे खां का कान्स से जैसलमेर आगमन पर यहां जगह-जगह स्वागत किया गया। उनका स्वागत करने वालों में पूर्व महारावल के चैतन्यराजसिंह सहित राज्य महिला आयोग की सदस्य अंजना मेघवाल, पार्षद निर्मल पुरोहित, पर्यटन व्यवसायी मयंक भाटिया, रिसोर्ट व्यवसायी पुष्पेंद्र व्यास, करीम खां, कांग्रेस नेता छोटू खां कंधारी, लोक कलाकार गाजी खां बरना, बक्स खां गुणसार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोक कलाकार शामिल थे। सभी ने मामे खां को फूलमालाओं से लाद दिया। मामे खां ने सभी के प्रति आभार प्रदर्शित किया।
गौरतलब है कि 75वें कान्स फिल्म फेस्टिवल में इस साल भारत को कंट्री ऑफ ऑनर का सम्मान दिया गया। यहां पहली बार मामे खां के रूप में भारत का पहला लोक कलाकार रेड कारपेट पर चला तथा उन्होंने अपनी वेशभूषा से लेकर प्रस्तुतियों तक से रंग जमा दिया। उनके गीत पर अभिनेत्री दीपिका पादुकोण, पूजा हेगड़े, तमन्ना भाटिया, उर्वशी रौतेला, वाणी त्रिपाठी ने नृत्य किया। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर के नेतृत्व में भारत से गए दल में नवाजुद्दीन सिद्दीकी, एआर रहमान, आर माधवन, शेखर कपूर आदि शामिल थे।
source https://www.patrika.com/jaisalmer-news/video-mame-khan-received-a-warm-welcome-on-his-return-to-jaisalmer-fr-7545818/
Comments
Post a Comment